इस सप्ताह घरेलू बाजार 21 फरवरी 2020 यानी शुक्रवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर बंद रहेगा। यानी इस हफ्ते केवल पांच दिन ही कारोबार होगा।
कोरोनावायरस से प्रभावित हो सकता है बाजार
इस संदर्भ में मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशल सर्विसेज लिमिटेड के प्रमुख (खुदरा शोध) सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि, 'घरेलू मोर्चे पर किसी बड़े घटनाक्रम के अभाव में बाजार एक सीमित दायरे में रहेगा। चीन में फैसले कोरोनावायरस से सभी डरे हुए हैं। इससे संबंधित घटनाक्रमों पर पैनी नजर बनी रहेगी और छोटी अवधि में बाजार पर दबाव बना रहेगा।' साथ ही डॉलर के मुकाबले रुपये और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव पर भी बाजार की नजर होगी।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों की गतिविधियों का पड़ सकता है गहरा असर
वहीं इस संदर्भ में ट्रेडिंगबेल्स के वरिष्ठ विश्लेषक संतोष मीना का कहना है कि, 'अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कोरोनावायरस का प्रभाव है। इस सप्ताह भी यह स्थिति बनी रह सकती है। इसके अतिरिक्त कंपनियों की तीसरी तिमाही के नतीजों का सिलसिला लगभग खत्म हो गया है। इसलिए भारतीय बाजार अंतरराष्ट्रीय बाजारों की गतिविधियों का गहरा असर पड़ सकता है।'
बीते सप्ताह सेसेंक्स में आई 0.28 फीसदी की तेजी
इसके साथ ही निवेशकों की निगाहें फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक पर भी होगी, जो गुरुवार को आएगा। बता दें कि बीते सप्ताह बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेसेंक्स में 115.89 अंक यानी 0.28 फीसदी की तेजी देखने को मिली थी।
बैंकों के शेयरों पर रहा दबाव
इस दौरान दूरसंचार कंपनियों द्वारा 1.47 लाख करोड़ रुपये के समायोजित सकल राजस्व (एजीआर) के बकाए को नहीं चुकाने पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कड़ी फटकार लगाई थी। इसकी वजह से उन बैंकों के शेयरों पर दबाव देखने को मिला, जिन्होंने इन कंपनियों को कर्ज दे रखा है।