आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार की शुरुआत लाल निशान पर हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 231.55 अंक यानी 0.62 फीसदी नीचे 37375.34 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.57 फीसदी यानी 63.20 अंकों की गिरावट के साथ 11010.25 के स्तर पर खुला।
इन कारकों से तय होगी बाजार की चाल
इस सप्ताह घरेलू शेयर बाजारों की दिशा कई प्रमुख घटनाक्रमों जैसे रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक, वृहद आर्थिक आंकड़ों और कंपनियों के तिमाही नतीजों से तय होगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है। रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की तीन दिन की बैठक चार अगस्त को शुरू होगी। बैठक के नतीजों की घोषणा छह अगस्त को की जाएगी। कोविड-19 के मामलों के रुख तथा अमेरिका-चीन संबंधों से जुड़े घटनाक्रमों से सप्ताह के दौरान वैश्विक बाजारों की दिशा तय होगी।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज एचसीएल टेक, टीसीएस, हीरो मोटोकॉर्प, सन फार्मा, एशियन पेंट्स, सिप्ला, टाइटन, विप्रो और मारुति के शेयर की शुरुआत बढ़त पर हुई। वहीं कोटक बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, आईओसी, बजाज फाइनेंस, रिलायंस, बजाज ऑटो, आईसीआईसीआई बैंक और जी लिमिटेड के शेयर गिरावट पर खुले।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी, रियल्टी, फार्मा और ऑटो लाल निशान पर खुले। वहीं मेटल, फाइनेंस सर्विसेज, बैंक, प्राइवेट बैंक, मीडिया, एफएमसीजी और पीएसयू बैंक हरे निशान पर।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान शेयर मार्केट मामूली गिरावट पर था। सुबह 9.09 बजे सेंसेक्स 11.16 अंक यानी 0.03 फीसदी की गिरावट के बाद 37595.73 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 15.90 अंक यानी 0.14 फीसदी नीचे 11057.55 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.34 फीसदी की गिरावट के साथ 129.18 अंक नीचे 37606.89 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.26 फीसदी नीचे 28.70 अंकों की गिरावट के साथ 11073.45 के स्तर पर बंद हुआ था।
शुक्रवार को सपाट स्तर पर खुला था बाजार
शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत सपाट स्तर पर हुई थी। सेंसेक्स 88.11 अंक यानी 0.23 फीसदी नीचे 37647.96 के स्तर पर खुला था और निफ्टी 0.13 फीसदी यानी 13.95 अंकों की बढ़त के साथ 11116.10 के स्तर पर खुला था।