भारतीय रिजर्व बैंक की ओर एमपीसी के फैसलों के एलान के बाद घरेलू शेयर बाजार में खरीदारी लौटी। रेपो रेट और सीआरआर में कटौती का फैसला बाजार को रास आया और प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक शुरुआती कमजोर से पार पाकर छलांग मारने लगे।
दोपहर 2 बजकर 32 मिनट पर सेंसेक्स 755.89 (0.92%) अंकों की बढ़त के साथ 82,197.93 पर कारोबार करता दिखा। दूसरी ओर, एनएसई निफ्टी 260.10 (1.05%) अंक उछलकर 25,011.00 के पार पहुंच गया। निफ्टी बैंक में भी मजबूत खरीदारी दिखी और यह 849.55 (1.52%) अंक मजबूत होकर 56,610.40 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
आरबीआई की मौद्रिक नीति के नतीजों से पहले शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट आई। इसके अलावा वैश्विक इक्विटी बाजारों में सुस्त रुख और ताजा विदेशी फंड निकासी ने भी निवेशकों को किनारे रहने के लिए मजबूर किया। हालांकि, आरबीआई की ओर से रेपो रेट में कटौती के एलान के बाद शेयर बाजार ने वापसी की और हरे निशान पर आ गया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 159.93 अंक गिरकर 81,282.11 पर आ गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 27.65 अंक गिरकर 24,723.25 पर आ गया।
सेंसेक्स के 30 शेयरों का हाल
एनएसई के टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स शेयर
किसे फायदा-किसे नुकसान?
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल पिछड़ते नजर आए। ऐसे ही इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, इटरनल, अडानी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। एक्सचेंज डेटा के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 208.47 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
जियोजित इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, 'आज की मौद्रिक नीति में आरबीआई की ओर से नीतिगत दरों में कटौती किए जाने की संभावना है। बाजार ने पहले ही इस पर विचार कर लिया है। वित्त वर्ष 26 के लिए विकास और मुद्रास्फीति अनुमानों पर आरबीआई की टिप्पणी अधिक महत्वपूर्ण होगी।'
एशियाई और अमेरिकी बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई 225 सूचकांक सकारात्मक क्षेत्र में कारोबार कर रहे थे, जबकि शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग मामूली रूप से नकारात्मक रहा। गुरुवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।