सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को शेयर बाजार भारी गिरावट पर खुला। पिछले कई दिनों से बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी है। जानलेवा कोरोना वायरस की वजह से बाजार में हाहाकार मचा है। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1755.52 अंक यानी 6.08 फीसदी की गिरावट के साथ 27,113.99 के स्तर पर खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 464.30 अंक यानी 5.48 फीसदी की गिरावट के साथ 8,004.50 के स्तर पर खुला। शेयर बाजार तीन साल के निचले स्तर पर है। दिसंबर 2016 के बाद यह निफ्टी का न्यूनतम स्तर है और सेंसेक्स 37 महीने के निचले स्तर पर है। इस हफ्ते अब तक सेंसेक्स 5000 अंक से अधिक टूट चुका है। एनएसई का निफ्टी 1500 अंक से अधिक फिसला है।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
आज सभी शेयर लाल निशान पर खुले। शीर्ष गिरावट वाले शेयरों में पावर ग्रिड, इंफोसिस, एनटीपीसी, सन फार्मा, आईटीसी, एल एंड टी, टीसीएस, बजाज ऑटो, एसबीआई, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, बजाज ऑटो, आदि शामिल हैं।
यस बैंक के शेयर में गिरावट
इस बीच आज यस बैंक के शेयर में भी गिरावट देखने को मिली। यह सुबह 9.56 बजे 8.90 अंक यानी 14.72 फीसदी गिरकर 51.55 के स्तर पर था। शुरुआती कारोबार में यह 61.65 के स्तर पर खुला था और पिछले कारोबारी दिन 60.45 के स्तर पर बंद हुआ था। मधु कपूर द्वारा शेयर बेचने के बाद इसमें गिरावट आई। उन्होंने 161 करोड़ रुपये के 2.5 करोड़ शेयर बेचे हैं। बता दें कि यस बैंक के ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। आज से यस बैंक ग्राहक अपने खाते से सामान्य लेन-देन कर सकेंगे। बैंक के खाताधारक सभी 1,132 शाखाओं से लेनदेन कर सकेंगे। पिछले सप्ताह आर्थिक संकट से जूझ रहे यस बैंक को उबारने के लिए सरकार ने यस बैंक के पुनर्गठन की योजना अधिसूचित की थी।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सभी सेक्टर्स लाल निशान पर खेले। इनमें ऑटो, एफएमसीजी, आईटी, मीडिया, पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक, मेटल, फार्मा और रियल्टी शामिल हैं।
डॉलर के मुकाबले रुपये में भारी गिरावट
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों और घरेलू इक्विटी बाजार में कमजोरी के चलते अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में गुरुवार को भारी गिरावट देखी गई और भारतीय मुद्रा 75 के स्तर से नीचे गिर गई। मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि बाजार के भागीदार देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर चिंतित हैं और इसका अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ सकता है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया कमजोरी के साथ 74.96 के भाव पर खुला। इसमें आगे गिरावट जारी रही और यह डॉलर के मुकाबले 75.12 के स्तर पर जा पहुंचा। इस तरह रुपये में पिछले बंद भाव के मुकाबले 86 पैसे की भारी गिरावट हुई। रुपया बुधवार को डॉलर के मुकाबले 74.26 पर बंद हुआ था।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9:10 बजे शेयर मार्केट लाल निशान पर था। सेंसेक्स 1096.15 अंक यानी 3.80 फीसदी की गिरावट के बाद 27,773.36 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 405.50 अंक यानी 4.79 फीसदी की गिरावट के बाद 8,063.30 के स्तर पर था।