आज दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार भारी गिरावट पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1.13 फीसदी की गिरावट के साथ 433.15 अंक नीचे 37877.34 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.08 फीसदी नीचे 122.05 अंकों की गिरावट के साथ 11178.40 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान आज सेंसेक्स में 650 अंकों की गिरावट देखी गई थी।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया छह पैसे टूटा
घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के बीच शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले छह पैसे टूटकर 74.90 (अनंतिम) के स्तर पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 74.85 पर खुला और फिर कमजोरी दर्शाता हुआ 74.90 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव 74.84 के मुकाबले छह पैसे की गिरावट को दर्शाता है।दिन के कारोबार में रुपये ने 74.74 के ऊपरी स्तर और 74.93 के निचले स्तर को छुआ।
इस बीच आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, थोक कीमतों पर आधारित महंगाई जुलाई में नकारात्मक 0.58 फीसदी रही, हालांकि इस दौरान खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी हुई। डब्ल्यूपीआई मुद्रास्फीति जून में नकारात्मक 1.81 फीसदी थी। छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 फीसदी घटकर 93.29 पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को पूंजी बाजार में सकल आधार पर 416.28 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इसबीच ब्रेंट क्रूड वायदा 0.67 फीसदी गिरकर 44.66 डालर प्रति बैरल पर आ गया।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज सन फार्मा, जेएसडब्ल्यू स्टील, कोल इंडिया, सिप्ला, एनटीपीसी, श्री सीमेंट, टाइटन, टाटा स्टील, इंफोसिस और अडाणी पोर्ट्स के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं टाटा मोटर्स, एम एंड एम, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, एसबीआई, आईटीसी, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक और आईओसी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो फार्मा और मेटल के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें बैंक, फाइनेंस सर्विस, पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक, आईटी, ऑटो, मीडिया, रियल्टी और एफएमसीजी शामिल हैं।
हरे निशान पर खुला था बाजार
आज शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान पर हुई थी। सेंसेक्स 110.97 अंक यानी 0.29 फीसदी ऊपर 38421.46 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 0.31 फीसदी यानी 34.85 अंकों की बढ़त के साथ 11335.30 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार गिरावट पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.15 फीसदी की गिरावट के साथ 59.14 अंक नीचे 38310.49 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 0.07 फीसदी नीचे 7.95 अंकों की गिरावट के साथ 11300.45 के स्तर पर।