सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 152.88 अंक यानी 0.37 फीसदी की गिरावट के बाद 41,170.12 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 45.05 अंक यानी 0.37 फीसदी की गिरावट के बाद 12,080.85 के स्तर पर बंद हुआ है। कर्ज के बोझ में दबी दीवान हाउसिंग फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीएचएफएल) के शेयर में आज बढ़त दर्ज की गई।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज जी लिमिटेड, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, एसबीआई, पावर ग्रिड, ओएनजीसी, कोल इंडिया, यस बैंक और एचसीएल टेक के शेयर बढ़त पर बंद हुए। वहीं सिप्ला, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टीसीएस, टेक महिंद्रा, रिलायंस, आईओसी, नेस्ले, बजाज ऑटो और बीपीसीएल के शेयर गिरावट पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी, मीडिया, एफएमसीजी और फार्मा लाल निशान पर बंद हुए। वहीं रियल्टी, मेटल, प्राइवेट बैंक, ऑटो और पीएसयू बैंक हरे निशान पर बंद हुए।
DHFL को तीसरी तिमाही में 934 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा
डीएचएफएल का शेयर आज 4.65 फीसदी की बढ़त के बाज 11.25 के स्तर पर बंद हुआ। कंपनी ने गुरुवार को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे घोषित किए। कंपनी को दिसंबर तिमाही में 934 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा हुआ है। जबकि पिछले साल की समान अवधि में कंपनी को 6,705 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। कंपनी को ऑपरेशंस के जरिए 2,432 करोड़ रुपये का राजस्व मिला और 2,605 करोड़ रुपये का व्यय हुआ। इंसॉल्वेंसी नियमों के अनुसार, कंपनी ने कर्जदाताओं को ब्याज का भी भुगतान नहीं किया है। उसने कर्जदाताओं को 527 करोड़ रुपए की ब्याज का भुगतान नहीं किया है। अगर कंपनी ब्याज का भुगतान करती, तो तीसरी तिमाही में उसका मुनाफा घटकर 392.39 करोड़ रुपये पर आ जाता।
41,245.74 के स्तर पर खुला था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला था। सेंसेक्स 77.26 अंक यानी 0.19 फीसदी की गिरावट के बाद 41,245.74 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 11.45 अंक यानी 0.09 फीसदी की गिरावट के बाद 12,114.45 के स्तर पर खुला था।
बुधवार को हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार जोरदार बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 428.62 अंक यानी 1.05 फीसदी की बढ़त के बाद 41,323 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 137.80 अंक यानी 1.15 फीसदी की बढ़त के बाद 12,130.30 के स्तर पर बंद हुआ।