अमेरिकी सेना द्वारा ईरान के बाहुबली जनरल कासिम सुलेमानी को मार गिराए जाने के बाद ईरान और अमेरिका के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। इसका असर शेयर बाजार पर भी पड़ा। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार भारी गिरावट पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 787.98 अंक यानी 1.90 फीसदी की गिरावट के बाद 41,676.63 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 233.60 अंक यानी 1.91 फीसदी की गिरावट के बाद 11,993.05 के स्तर पर बंद हुआ। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। बता दें कि ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई से बाजार में और उतार-चढ़ाव का जोखिम है। बीएसई पर सूचीबद्ध टॉप 30 कंपनियों से सेंसेक्स की चाल तय होती है।
आज सेंसेक्स में करीब 790 अंकों का भारी नुकसान हुआ है जबिक निफ्टी ने 12 हजार का अहम स्तर तोड़ दिया। बैंक शेयरों ने भी लाल निशान में ट्रेड किया और यहां निफ्टी बैंक ने 900 अंकों का गोता लगाया। कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी ने बाजार का मूड खराब किया है।
बाजार आज लगातार दूसरे दिन गिरावट पर बंद हुआ। निफ्टी में आज छह महीने की सबसे बड़ी इंट्रा-डे गिरावट रही। वहीं, सेंसेक्स में 4 साल में बड़ी इंट्रा-डे गिरावट रही। सेंसेक्स 788 अंक गिरकर 40,677 पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 234 अंक गिरकर 11,993 पर बंद हुआ है जबकि बैंक निफ्टी 832 अंक गिरकर 31,237 पर बंद हुआ है। मिडकैप भी 387 अंक गिरकर 16,905 पर बंद हुआ है।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो सोमवार को टीसीएस, विप्रो और टाइटन के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं सन फार्मा, गेल, एचसीएल टेक, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, हीरो मोटोकॉर्प, जी लिमिटेड, इंफ्राटेल, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, बजाज ऑटो, बजाज फिन्सर्व और एसबीआई के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें आईटी, फार्मा, मेटल, रियल्टी, पीएसयू बैंक, मीडिया, एफएमसीजी, प्राइवेट बैंक और ऑटो शामिल हैं।
लाल निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 151.39 अंक यानी 0.37 फीसदी की गिरावट के बाद 41,313.22 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 63.05 अंक यानी 0.52 फीसदी की गिरावट के बाद 12,163.60 के स्तर पर खुला था। लेकिन बाजार के खुलते ही इसमें जोरदार गिरावट आई। दोपहर 2:21 बजे सेंसेक्स 811.64 अंक यानी 1.96 फीसदी की गिरावट के बाद 40,652.97 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 243.25 अंक यानी 1.99 फीसदी की गिरावट के बाद 11,983.40 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 162.03 अंक यानी 0.39 फीसदी की गिरावट के बाद 41,464.61 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 55.55 अंक यानी 0.45 फीसदी की गिरावट के बाद 12,226.65 के स्तर पर बंद हुआ था।