सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 634.61 अंक यानी 1.55 फीसदी की बढ़त के बाद 41,452.35 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 190.55 अंक यानी 1.58 फीसदी की बढ़त के बाद 12,215.90 के स्तर पर बंद हुआ। निवेशकों ने इस अनुमान पर दांव लगाया कि पश्चिम एशिया में तनाव अब और नहीं बढ़ेगा।
इस तेजी के दम पर सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 2,25,554.62 करोड़ रुपये बढ़कर 1,57,06,155.38 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 634.61 अंक मजबूत होकर 41,452.35 पर बंद हुआ। इसी प्रकार निफ्टी 190.55 अंकों की बढ़त के साथ 12,215.90 के स्तर पर पहुंच गया।
आईसीआईसीआई बैंक 3.80 फीसदी की तेजी के साथ सेंसेक्स में सबसे ज्यादा चढ़ने वाला शेयर रहा। वहीं एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स और रिलायंस इंडस्ट्रीज में भी अच्छी मजबूती दर्ज की गई। वहीं टीसीएस, एचसीएल टेक, एनटीपीसी और सन फार्मा सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर रहे, जिनमें 1.73 फीसदी तक कमजोरी दर्ज की गई।
विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति के ईरान को ‘शांति बहाल करने’ की पेशकश के बाद घरेलू निवेशकों की धारणा सकारात्मक दिख रही है। इसके अलावा चीन के वाइस प्रीमियर लियु ही के अगले हफ्ते व्यापार समझौते के लिए वाशिंगटन जाने की खबर से भी बाजार में खासा उत्साह देखने को मिला।
तेजी के 5 कारण
- -डोनाल्ड ट्रम्प की ईरान को ‘शांति बहाल करने’ की पेशकश।
- -चीन के वाइस प्रीमियर व्यापार समझौते के लिए अगले हफ्ते जाएंगे अमेरिका।
- -शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में नरमी।
- -शंघाई, हॉन्गकॉन्ग, टोक्यो और सियोल सहित ज्यादातर बाजारों में 2.30 फीसदी तक मजबूती।
- -वाहन, बैंकिंग शेयरों की अगुआई में बाजार में चौतरफा खरीदारी।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो गुरुवार को जेएसडब्ल्यू स्टील, इंफ्राटेल, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, एसबीआई, एम एंड एम, यस बैंक, मारुति और जी लिमिटेड के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं टीसीएस, कोल इंडिया, एचसीएल टेक, ब्रिटानिया, गेल, एनटीपीसी और सन फार्मा के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें फार्मा, मेटल, रियल्टी, पीएसयू बैंक, मीडिया, एफएमसीजी, प्राइवेट बैंक और ऑटो शामिल हैं।
हरे निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 483.24 अंक यानी 1.18 फीसदी की बढ़त के बाद 41,300.98 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 130.75 अंक यानी 1.09 फीसदी की बढ़त के बाद 12,156.10 के स्तर पर खुला था।
बुधवार को 40,818 के स्तर पर बंद हुआ था सेंसेक्स
बुधवार को निफ्टी 95 अंक और सेंसेक्स 341 अंक सुधरकर बंद हुआ। सेंसेक्स 52 अंक गिरकर 40,818 पर बंद हुआ था। निफ्टी 28 अंक गिरकर 12,025 पर बंद हुआ था। जबकि बैंक निफ्टी 26 अंक गिरकर 31,374 पर और मिडकैप 53 अंक चढ़कर 17,074 पर बंद हुआ।