सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को लाल निशान पर खुलने के बाद शेयर बाजार में रौनक लौटी और यह बढ़त पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.69 फीसदी की तेजी के साथ 223.51 अंक ऊपर 32424.10 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.95 फीसदी बढ़कर 90.20 अंक ऊपर 9580.30 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज विप्रो, आईओसी, ओएनजीसी, कोल इंडिया, डॉक्टर रेड्डी, बीपीसीएल, बजाज ऑटो, आईटीसी, सन फार्मा और यूपीएल के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, अडाणी पोर्ट्स, टीसीएस, टाइटन, एम एंड एम, इंफोसिस, कोटक बैंक, टाटा स्टील और बजाज फाइनेंस के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
गूगल का वोडाफोन आइडिया में हिस्सेदारी खरीदने का कोई प्रस्ताव नहीं
आज वोडाफोन आइडिया के शेयर में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में यह 6.35 के स्तर पर खुला था और अंत में 12.93 फीसदी (0.75 अंक) की बढ़त के बाद यह 6.55 के स्तर पर बंद हुआ। दरअसल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में संघर्ष कर रही टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया में गूगल पांच फीसदी हिस्सेदारी खरीद सकती है। इस खबर के बाद ही कंपनी के शेयर में जोरदार उछाल देखा गया। लेकिन अब वोडाफोन आइडिया ने यह साफ कर दिया है कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी और मीडिया के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें पीएसयू बैंक, फार्मा, ऑटो, बैंक, प्राइवेट बैंक, रियल्टी, मेटल और एफएमसीजी शामिल हैं।
लाल निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार लाल निशान पर खुला था। सेंसेक्स की शुरुआत 1.04 फीसदी की गिरावट के साथ 334.31 अंक नीचे 31866.28 के स्तर पर हुई थी। वहीं निफ्टी 1.01 फीसदी की गिरावट के साथ 95.75 अंक नीचे 9394.35 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ। सेंसेक्स 1.88 फीसदी की तेजी के साथ 595.37 अंक ऊपर 32200.59 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 1.88 फीसदी बढ़कर 175.15 अंक ऊपर 9490.10 के स्तर पर बंद हुआ था।