सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 479.68 अंक यानी 1.26 फीसदी की बढ़त के बाद 38,623.70 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 170.55 अंक यानी 1.53 फीसदी की बढ़त के बाद 11,303.30 के स्तर पर बंद हुआ। रिजर्व बैंक ने मंगलवार को कहा कि वह खतरनाक कोरोनोवायरस के प्रभाव को लेकर वैश्विक के साथ-साथ घरेलू स्थिति पर नजर रखे हुए है। इस वजह से बाजार में बढ़त आई।
इसलिए आई बढ़त
साथ ही आरबीआई ने यह भी कहा कि वह वित्तीय बाजारों के व्यवस्थित तरीके से काम करने को सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने को तैयार है। आरबीआई ने एक बयान में कहा कि कोरोनावायरस के फैलने के साथ वैश्विक स्तर पर वित्तीय बाजारों में उल्लेखनीय उतार-चढ़ाव देखा गया है। इससे धारणा प्रभावित हुई है और निवेशक सुरक्षित जगह निवेश करने को लेकर बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। रिजर्व बैंक वैश्विक और घरेलू गतिविधियों पर करीबी और लगातार नजर रखे हुए है तथा वित्तीय बाजारों के व्यवस्थित तरीके से काम करने, बाजार में भरोसा बनाये रखने तथा वित्तीय स्थिरता संरक्षित सुनिश्चित करने को लेकर जरूरत पड़ने पर उपयुक्त कदम उठाने को तैयार है।
76 फीसदी सब्सक्राइब हुआ एसबीआई कार्ड्स का IPO
भारतीय स्टेट बैंक कार्ड्स ( SBI Cards ) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम ( IPO ) दो मार्च 2020 को खुला था। इस आईपीओ से कंपनी 9,000 से 10,000 करोड़ रुपये की रकम जुटा सकती है। यह साल 2020 का पहला आईपीओ है। मालूम हो कि एसबीआई कार्ड्स के लगभग 95 लाख ग्राहक हैं। यह एचडीएफसी बैंक के बाद कार्ड जारी करने वाली यह दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है। इसके पास 18 फीसदी मार्केट शेयर हैं। 18 फरवरी के सूचीपत्र से मिली जानकारी के अनुसार, आईपीओ का बिडिंग प्रोसेस पांच मार्च को बंद हो जाएगा। आज आईपीओ के दूसरे दिन दोपहर 3:45 बजे तक 76 फीसदी आईपीओ सब्सक्राइब हो गए थे।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज वेदांता लिमिटेड, सन फार्मा, जी लिमिटेड, टाटा स्टील, सिप्ला, डॉक्टर रेड्डी, ग्रासिम और कोल इंडिया के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं सिर्फ यस बैंक आईटीसी के शेयर ही लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें फार्मा, एफएमसीजी, आईटी प्राइवेट बैंक, ऑटो, मीडिया, मीडिया, रियल्टी, मेटल और पीएसयू बैंक शामिल हैं।
सोमवार को लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार
सोमवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार गिरावट पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 153.27 अंक यानी 0.40 फीसदी की गिरावट के बाद 38,144.02 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 69 अंक यानी 0.62 फीसदी की गिरावट के बाद 11,132.75 के स्तर पर बंद हुआ था।
तेजी के साथ खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 442.49 अंक यानी 1.16 फीसदी की बढ़त के बाद 38,586.51 के स्तर पर खुला था। निफ्टी 146.10 अंक यानी 1.31 फीसदी की बढ़त के बाद 11,278.85 के स्तर पर खुला था। इसके बाद सुबह 9:22 बजे सेंसेक्स 533.71 अंक यानी 1.40 फीसदी की बढ़त के बाद 38,677 के स्तर पर था। जबकि निफ्टी 157.70 अंक यानी 1.42 फीसदी की बढ़त के बाद 11,290.45 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।