आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को म्यूचुअल फंड पर तरलता दबाव को कम करने के लिए, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 50,000 करोड़ रुपये की विशेष लिक्विडिटी सुविधा की घोषणा की, जिससे शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 415.86 अंक यानी 1.33 फीसदी की बढ़त के साथ 31743.08 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 127.90 अंक यानी 1.40 फीसदी की तेजी के साथ 9282.30 के स्तर पर बंद हुआ।
आरबीआई के एलान से आई तेजी
केंद्रीय बैंक ने कहा है कि वह सतर्क है और कोरोना वायरस के आर्थिक प्रभाव को कम करने और वित्तीय स्थिरता को बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा। आरबीआई फिक्स रेपो रेट पर 90 दिन की अवधि का एक रेपो ऑपरेशन शुरू करेगा। इससे शेयर बाजार प्रभावित हुआ है। इस सुविधा के तहत, RBI कम दरों पर बैंकों को धन मुहैया कराएगा और बैंक विशेष रूप से म्यूचुअल फंडों की तरलता आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए धन का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसके अतिरिक्त बाजार विश्लेषकों के मुताबिक कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित देशों में लोगों की मृत्यु दर में कमी आई है। इसके बाद वैश्विक बाजारों में हालात थोड़े सुधरे हैं और इसका सकारात्मक असर घरेलू बाजार पर भी देखा गया है।