सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार सपाट स्तर पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 62.45 अंक यानी 0.18 फीसदी की बढ़त के बाद 35,697.40 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 2.55 अंक यानी 0.02 फीसदी की गिरावट के बाद 10,448.90 के स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले मंगलवार को होली के त्योहार के चलते घरेलू बाजार बंद था।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज जी लिमिटेड, इंफ्राटेल, कोल इंडिया, हीरो मोटोकॉर्प, ब्रिटानिया, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदु्तान यूनिलीवर और एल एंड टी के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं गेल, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक, बीपीसीएल, आईओसी, ओएनजीसी, हिंडाल्को, वेदांता लिमिटेड और एसबीआई के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
यस बैंक के शेयर में बढ़त
यस बैंक के शेयर में 7.80 अंक यानी 36.71 फीसदी की बढ़त देखने को मिली और यह 29.05 के स्तर पर बंद हुआ। नकदी संकट से जूझ रहे इस बैंक में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने 2,450 करोड़ रुपये में 49 फीसदी हिस्सेदारी लेने की बात कही है, जिसके बाद यह तेजी आई। शुरुआती कारोबार में यह 23.35 के स्तर पर खुला था जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 21.25 के स्तर पर बंद हुआ था। दरअसल पिछले सप्ताह रिजर्व बैंक ने संकट में फंसे यस बैंक पर मौद्रिक सीमा लगा दी। इसके तहत खाताधारक अब यस बैंक से 50 हजार रुपये से ज्यादा रकम नहीं निकाल सकेंगे। निकासी की यह सीमा 3 अप्रैल, 2020 तक लागू रहेगी।
एसबीआई के शेयर में गिरावट
इसके साथ ही आज एसबीआई का शेयर में गिरावट देखने को मिली। इसमें 9.20 अंक यानी 3.63 फीसदी की गिरावट देखने को मिली और यह 244.25 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में यह 253 के स्तर पर खुला था जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 253.45 के स्तर पर बंद हुआ था।
रिलायंस के शेयर में भी दिखी तेजी
पिछले कारोबारी दिन रिलायंस के शेयर में आठ साल में सबसे बड़ी गिरावट आई थी। यह 12 फीसदी से अधिक टूटा था। जबकि आज रिलायंस के शेयर में बढ़त तेजी गई। यह 37.85 अंक यानी 3.40 फीसदी की बढ़त के बाद 1,152 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में यह 1,108 के स्तर पर खुला था और पिछले कारोबारी दिन रिलायंस का शेयर 1,114.15 के स्तर पर बंद हुआ था।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज मेटल, फार्मा, आईटी, रियल्टी, ऑटो और पीएसयू बैंक लाल निशान पर बंद हुए। वहीं मीडिया, एफएमसीजी और प्राइवेट बैंक हरे निशान पर बंद हुए।
सोमवार को बाजार में आई थी एतिहासिक गिरावट
दुनिया में लगातार फैल रहे कोरोनावायरस संक्रमण का आर्थिक गतिविधियों पर असर गहराने से देश दुनिया के शेयर बाजार में सोमवार को बड़ी गिरावट आई। बॉम्बे शेयर बाजार का सेंसेक्स 1,941 अंक का गोता लगा गया और इस गिरावट से स्थानीय बाजार में निवेशकों की बाजार हैसियत पर करीब 7 लाख करोड़ रुपये की चपत लगी। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 538 अंक यानी 4.90 फीसदी की गिरावट के साथ 10,451.45 अंक पर बंद हुआ।
गिरावट पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 226.91 अंक यानी 0.64 फीसदी की गिरावट के बाद 35,408.04 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 68.95 अंक यानी 0.66 फीसदी की गिरावट के बाद 10,382.50 के स्तर पर खुला था। इसके बाद दोपहर 12:01 बजे सेंसेक्स 191.05 अंक यानी 0.54 फीसदी की बढ़त के बाद 35,826 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। जबकि निफ्टी 33.85 अंक यानी 0.32 फीसदी की बढ़त के बाद 10,485.30 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।