शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भारी लिवाली देखने को मिली। सेंसेक्स में जहां 530 अंकों से ज्यादा का उछाल देखने को मिला, वहीं निफ्टी 100 अंकों से ज्यादा की तेजी के साथ बंद हुआ। एग्जिट पोल से पहले मार्केट में तेजी बहुत कुछ कह रही है।
बाजार में एग्जिट पोल के नतीजे आने से पहले सकारात्मक असर देखने को मिला। रविवार को एग्जिट पोल के नतीजे आएंगे। बाजार को उम्मीद है कि इन नतीजों में एनडीए को बढ़त मिलेगी। इसकी वजह से शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। हालांकि बाजार का मानना है कि किसी भी पार्टी को अपनी तरफ से पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा।
बजाज फाइनेंस के शेयरों में तेजी देखने को मिली। जी एंटरटेनमेंट के शेयर में 8% और बजाज फाइनेंस के शेयर में 6% तेजी आई। सेंसेक्स के 30 में से 23 और निफ्टी के 50 में से 36 शेयर फायदे में रहे। प्राइवेट बैंकों, फाइनेंशियल, ऑटो और रिएलिटी सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी हुई।
आईटी और फार्मा शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा। मार्च 2019 तिमाही के नतीजे आने के बाद बजाज ऑटो में जमकर खरीदारी हुई। कंपनी के शेयर 4 फीसदी चढ़कर 3149.95 रुपए पर ट्रेड कर रहे हैं। पिछले 4 साल में यह सबसे बड़ी तेजी है।
एफएमसीजी शेयरों में भी जोरदार एक्शन देखने को मिला। टाटा ग्लोबल और एचयूएल ने इस तेजी की अगुवाई की। हालांकि फार्मा शेयरों में 29 अप्रैल से हो रही बिकवाली आज भी जारी रही। निफ्टी का फार्मा इंडेक्स 3 हफ्ते में 11 फीसदी से ज्यादा टूट गया है। पिछले 5 दिनों में अरोविंदो फार्मा, कैडिला हेल्थ और स्ट्राइड्स फार्मा 11-15 फीसदी तक टूट गए है।
दिग्गज शेयरों के साथ ही स्मॉल और मिडकैप शेयरों में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.08 फीसदी ऊछलकर 14310 के करीब बंद हुआ है। वहीं स्मॉल कैप इंडेक्स 0.51 फीसदी की बढ़त के साथ 13890 के करीब बंद हुआ है। तेल-गैस शेयरों में भी आज बढ़त देखने को मिला। बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स 0.57 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है।
कमजोर वैश्विक संकेतों और आभूषण कारोबारियों की सुस्त मांग से शुक्रवार को सोना 160 गिरकर 33,170 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। वहीं, औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से मांग में कमी के कारण चांदी भी 625 रुपये कमजोर होकर 37,625 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही।