शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन मजबूती के साथ शुरुआत देखने को मिली। सेंसेक्स 250 अंकों से ज्यादा की तेजी के साथ खुला, वहीं रुपये में 30 पैसे की मजबूती देखने को मिली। अमेरिकी शेयर बाजारों में तेजी के साथ बंद होने का असर भारतीय बाजारों पर दिखा।
फिलहाल सेंसेक्स 306 अंक से ज्यादा की मजबूती के साथ 36114 और निफ्टी 84.6 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 10864 पर कारोबार करते हुए देखा गया है। भारतीय बाजार में कच्चा तेल 3181 रुपये प्रति बैरल पर पहुंच गया है।
डाओ ने शानदार रिकवरी दिखाई और 260 अंक चढ़कर बंद होने में कामयाब रहा। कच्चे तेल में 4.5 फीसदी की जोरदार गिरावट देखने को मिली है और ब्रेंट फिसलकर 52 डॉलर के करीब आ गया है। अमेरिकी मार्केट में भारी उतार-चढ़ाव दिखा। डाओ कल 611 अंकों की गिरावट से उबरकर 260 अंक ऊपर बंद हुआ। कल के कारोबार में एसएंडपी 0.86 फीसदी और नैस्डैक 0.4 फीसदी चढ़कर बंद हुए।
डॉलर के मुकाबले रुपया आज 30 पैसे की मजबूती के साथ 70.05 के स्तर पर खुला है। रुपया में कल गिरावट देखने को मिली थी। डॉलर के मुकाबले रुपया कल 28 पैसे टूटकर 70.35 के स्तर पर बंद हुआ था।