एशियाई शेयर बाजारों में मजबूती के रुख और ताजा विदेशी पूंजी प्रवाह के चलते बुधवार को शेयर बाजारों में कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ हुई। हालांकि, ब्लू-चिप आईटी शेयरों में बिकवाली से बाजार पर कुछ दबाव पड़ा क्योंकि बाद में कारोबार के दौरान बेंचमार्क सूचकांक अस्थिर हो गए।
शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 172.43 अंक चढ़कर 75,473.69 अंक पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 54 अंक चढ़कर 22,888.30 अंक पर पहुंच गया।
बाद में, बीएसई बेंचमार्क सूचकांक 49.35 अंक बढ़कर 75,350.61 पर और निफ्टी 35.45 अंक बढ़कर 22,867.65 पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में जोमैटो, टाटा स्टील, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, अदाणी पोर्ट्स और भारती एयरटेल प्रमुख रूप से लाभ में रहे। हालांकि, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंफोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और सन फार्मा पिछड़ गए।
एशियाई बाजारों में सियोल, टोक्यो और हांगकांग सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे, जबकि शंघाई में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अमेरिकी बाजार नकारात्मक दायरे में बंद हुए।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 694.57 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी 2,534.75 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.30 प्रतिशत गिरकर 70.35 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। मंगलवार को सेंसेक्स 1,131.31 अंक या 1.53 प्रतिशत बढ़कर 75,301.26 पर बंद हुआ था। निफ्टी 325.55 अंक या 1.45 प्रतिशत बढ़कर 22,834.30 पर बंद हुआ था।