Sensex Opening Bell: मंगलवार को भारतीय बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स हर निशान के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 117.57 अंक बढ़कर 74,571.98 पर पहुंचा, वहीं निफ्टी भी 31.3 अंक की उछाल के साथ 22,584.65 पर रहा।
लगातार गिरावट की मार झेल रहे निवेशकों के लिए मंगलवार की सुबह मंगल खबर लेकर आई है। बता दें कि शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजार हरे निशान पर खुला है। जिसमें सेंसेक्स 117.57 अंक बढ़कर 74,571.98 पर पहुंचा, वहीं एनएसई निफ्टी भी 31.3 अंक की उछाल के साथ 22,584.65 पर रहा।
विज्ञापन
मंगलवार को 16 पैसे टूटकर 86.88 पर पहुंचा रुपया
वहीं अमेरिकी डॉलर में मजबूती, विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 16 पैसे टूटकर 86.88 प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू बाजारों में तेजी ने हालांकि रुपये की गिरावट को सीमित रखा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 86.83 प्रति डॉलर पर खुला और बाद में 86.88 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
इससे पहले सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.72 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 106.62 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75.16 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 6,286.70 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
विज्ञापन
क्या है विशेषज्ञों की राय?
बाजार विशेषज्ञ अजय बग्गा ने कहा, 'अगर ट्रंप की तरफ से टैरिफ लागू हुआ, तो बाजार में और गिरावट आ सकती है। इससे महंगाई और ज्यादा बढ़ेगी, जिससे निवेशक सोने और बॉन्ड्स में पैसा लगाने लगेंगे।' एक्सिस सिक्योरिटीज के रिसर्च हेड अक्षय चिंचालकर के अनुसार, 'अगर निफ्टी 22,720 के स्तर से ऊपर बंद होता है, तो बाजार में मजबूती आ सकती है। लेकिन अगर 22,500 से नीचे जाता है, तो अगला समर्थन 22,370 पर रहेगा।' आने वाले दिनों में अमेरिका की व्यापार नीतियों और यूरोप के राजनीतिक घटनाक्रमों पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी।