अदाणी समूह के शेयरों में भारी गिरावट और विदेशी फंड के निरंतर निकासी के बीच गुरुवार को शुरुआती कारोबार में इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट आई। एशियाई समकक्षों से कमजोर रुझान के कारण भी शुरुआती कारोबार के दौरान बाजार में गिरावट आई।
अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी ग्रीन एनर्जी और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस सहित अदाणी समूह के अन्य शेयरों में भी शुरुआती कारोबार में तेज गिरावट आई। भारतीय स्टेट बैंक, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी और टाटा मोटर्स भी पिछड़ने वाले शेयरों में शामिल रहे।
इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और टेक महिंद्रा को लाभ हुआ। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 3,411.73 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी बेची।
अरबपति गौतम अदाणी और सात अन्य पर अमेरिका में अरबों डॉलर की रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी योजना में आरोप लगने के बाद गुरुवार को अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में 20% तक की गिरावट आई।
अभियोजकों ने बुधवार को आरोपों की घोषणा करते हुए आरोप लगाया कि समूह ने सौर ऊर्जा अनुबंध हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को रिश्वत दी। अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए और वे 20% टूट गए। अदाणी ग्रीन के शेयर करीब 18% नीचे थे जबकि अदाणी टोटल गैस और अदाणी पावर में 13-14% की गिरावट आई।
दूसरी ओर, अदाणी एंटरप्राइजेज, अंबुजा सीमेंट्स, एसीसी और अदाणी पोर्ट्स 10% लोअर सर्किट के साथ बंद हुए। एनडीटीवी के शेयर 11% नीचे थे जबकि अदाणी विल्मर में 8% और नव-अधिग्रहित सांघी इंडस्ट्रीज में 6% की गिरावट देखी गई।
आज सुबह अदाणी समूह के तीन शेयरों में 20% की गिरावट के कारण, सभी 11 अदाणी शेयरों का संयुक्त बाजार पूंजीकरण लगभग 2 लाख करोड़ रुपये घटकर 12.3 लाख करोड़ रुपये हो गया। गुरुवार का कारोबारी दिन 2023 की शुरुआत में हिंडनबर्ग के धमाके के बाद से समूह का सबसे खराब कारोबारी दिन रहा। फोर्ब्स की रियल-टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के अनुसार, इस दौरान अरबपति गौतम अदाणी की कुल संपत्ति भी 10.5 बिलियन डॉलर घटकर 59.3 बिलियन डॉलर हो गई।