फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sensex Opening Bell: शेयर बाजार में सपाट शुरुआत के बाद हरियाली; सेंसेक्स 254 अंक चढ़ा, निफ्टी 23600 के पार

Thu, 14 Nov 2024 09:43 AM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Sensex Opening Bell: घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक गुरुवार को सपाट शुरुआत के बाद हरे निशान पर कारोबार करते दिखे। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 254.5 अंक चढ़कर 77,945.45 पर पहुंचा। वहीं, निफ्टी 86.25 अंक चढ़कर 23,645.30 पर कारोबार करता दिखा। आइए जानें बाजार का विस्तृत हाल।
विज्ञापन
सेंसेक्स ओपनिंग बेल - फोटो : amarujala.com
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

घरेलू शेयर बाजार में सपाट शुरुआत के बाद हरियाली दिख रही है। शुरुआती कारोबार में शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 254.5 अंक चढ़कर 77,945.45 पर पहुंचा; निफ्टी 86.25 अंक चढ़कर 23,645.30 पर पहुंचा। रुपया गुरुवार को शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले एक पैसे की गिरावट के साथ 84.40 पर कारोबार करता दिखा।

सपाट शुरुआत के बाद बाजार में हरियाली लौटी

हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ सपाट खुले। दोनों प्रमुख सूचकांकों में लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। निफ्टी 50 इंडेक्स 16.90 अंक या 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,542.15 अंक पर खुला, जबकि बीएसई सेंसेक्स 54.01 अंक या 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,636.94 पर खुला।

विज्ञापन


पिछले दो कारोबारी सत्रों में गिरावट के बाद घरेलू संस्थागत निवेशकों की भारी लिवाली और एचडीएफसी बैंक व रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे प्रमुख शेयरों में तेजी के बीच गुरुवार को शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान पर कारोबार करते दिखे।

शुरुआती कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स 254.5 अंक चढ़कर 77,945.45 अंक पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का निफ्टी 86.25 अंक चढ़कर 23,645.30 अंक पर पहुंच गया। पिछले दो दिनों में बीएसई बेंचमार्क में 1,805.2 अंक या 2.27 प्रतिशत की गिरावट आई थी।

सेंसेक्स के 30 शेयरों का हाल क्या है?

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा और एक्सिस बैंक प्रमुख लाभ में रहे। अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मारुति और लार्सन एंड टूब्रो पिछड़ने वालों में शामिल थे।

विज्ञापन


एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,502.58 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 6,145.24 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

सूत्रों के अनुसार बाजार में सुधार के दौर में, जैसा कि वर्तमान में है, हमेशा विपरीत दिशा में कदम उठाए जाएंगे, जिससे उछाल वापस आएगा। डीआईआई के पास उपलब्ध भारी मात्रा में तरलता इस उछाल को बढ़ावा दे सकती है। हालांकि, इस तरह की उछाल बरकरार रहने की संभावना नहीं है, क्योंकि बुनियादी कारक प्रतिकूल बने हुए हैं।

भारतीय शेयर बाजार के सामने कौन सी बाधाएं हैं?

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, "ट्रंप फैक्टर ने पहले ही बाजारों में कई बड़े बदलाव ला दिए हैं। डॉलर इंडेक्स मजबूत है और बढ़ रहा है। वर्तमान में यह 106.61 पर पहुंच गया है। अमेरिका में 10 वर्षीय बॉन्ड का प्रतिफल 4.48% पर है। ये दोनों भारत जैसी उभरती अर्थव्यवस्थाओं में इक्विटी बाजारों के लिए मजबूत बाधाएं हैं।"


उन्होंने कहा कि सकारात्मक पहलू यह है कि डीआईआई के पास भारी मात्रा में तरलता उपलब्ध है और इन फंडों में निरंतर प्रवाह बना हुआ है। विजयकुमार ने कहा, "घरेलू स्तर पर चिंता का विषय कंपनियों की दूसरी तिमाही के निराशाजनक नतीजे और आय में गिरावट है।"

एशियाई और अमेरिकी बाजारों में दिखा मिला-जुला रुख

एशियाई बाजारों में सियोल, टोक्यो में तेजी रही जबकि शंघाई और हांगकांग में गिरावट रही। बुधवार को अमेरिकी बाजार मिलेजुले रुख पर बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.36 प्रतिशत गिरकर 72.02 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। बुधवार को बीएसई का बेंचमार्क सेंसेक्स 984.23 अंक या 1.25 प्रतिशत गिरकर 77,690.95 पर बंद हुआ था। लगातार पांचवें दिन गिरावट दर्ज करते हुए निफ्टी 324.40 अंक या 1.36 प्रतिशत गिरकर 23,559.05 पर बंद हुआ था।

विशेषज्ञों ने कहा कि फरवरी तक बाजारों में गिरावट का रुख जारी रह सकता है, और ट्रम्प के सत्ता संभालने के बाद इसमें उलटफेर देखने को मिल सकता है। "ट्रम्प एंटीसिपेशन ट्रेड" बाजारों पर हावी है।बैंकिंग और बाजार विशेषज्ञ अजय बग्गा ने एएनआई को बताया, "भारतीय बाजारों में गिरावट का रुख जारी है, जो कॉर्पोरेट आय में गिरावट, लक्ष्य से अधिक मुद्रास्फीति रीडिंग और लक्ष्य से कम आर्थिक विकास से प्रभावित है। एफआईआई की बिकवाली लगातार जारी है।"

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें