आज सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 93.36 अंकों (0.18 फीसदी) की तेजी के साथ 52030.80 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 26.40 अंक (0.17 फीसदी) की बढ़त के साथ 15609.20 के स्तर पर खुला। आज 1192 शेयरों में तेजी आई, 317 शेयरों में गिरावट आई, वहीं 69 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। पिछले सप्ताह के दौरान बीएसई सेंसेक्स 882.40 अंक यानी 1.74 फीसदी मजबूत हुआ।
अनुमान से कम आई जीडीपी में गिरावट
भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2020-21 में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 7.3 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। वहीं पिछले साल (2019-20) में यह चार फीसदी रही थी। जबकि चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में जीडीपी ग्रोथ रेट 1.6 फीसदी दर्ज की गई। वहीं खुद केंद्र सरकार ने इस साल फरवरी में पूरे वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान जीडीपी में आठ फीसदी की गिरावट का अनुमान लगाया था लेकिन जीडीपी में गिरावट अनुमान से कम आई है।
इस सप्ताह इन कारकों से तय होगी बाजार की चाल
विश्लेषकों के अनुसार, शेयर बाजार की दिशा इस सप्ताह रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा, जीडीपी और पीएमआई जैसे वृहत आर्थिक आंकड़े, कोविड-19 को लेकर स्थिति और वैश्विक कारकों से तय होगी। इनमें से जीडीपी के आंकड़े जारी हो चुके हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) शुक्रवार को मौद्रिक नीति समीक्षा पेश करेगा। इस पर निवेशकों की नजर होगी। इन सबके अलावा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में उतार-चढ़ाव, ब्रेंट क्रूड के भाव तथा विदेशी संथागत निवेशकों के निवेश रुख भी बाजार को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान टीसीएस, आईटीसी, एसबीआई, टाइटन, एल एंड टी, इंडसइंड बैंक, बजाज फिनसर्व, मारुति, ओएनजीसी, पावर ग्रिड, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, एचसीएल टेक, कोटक बैंक, बजाज ऑटो, सन फार्मा और एम एंड एम के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, रिलायंस, डॉक्टर रेड्डी, अल्ट्राटेक सीमेंट और नेस्ले इंडिया के शेयर लाल निशान पर खुले।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.03 बजे सेंसेक्स 138.30 अंक (0.27 फीसदी) ऊपर 52075.74 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 32.70 अंक (0.21 फीसदी) ऊपर 15615.50 पर था।
पिछले कारोबारी दिन मामूली गिरावट के साथ खुला था बाजार
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 31.44 अंकों (0.06 फीसदी) की मामूली गिरावट के साथ 51391.44 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 13.70 अंक (0.09 फीसदी) की गिरावट के साथ 15422 के स्तर पर खुला था।
सोमवार को हरे निशान पर बंद हुआ था शेयर बाजार
सोमवार को सेंसेक्स 514.56 अंक यानी 1.00 फीसदी ऊपर 51,937.44 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 147.15 अंक यानी 0.95 फीसदी की तेजी के साथ 15,582.80 के स्तर पर बंद हुआ था। यह निफ्टी के बंद होने का उच्चतम स्तर है।