भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को पहली बार 32 हजार के पार पहुंचा, वहीं निफ्टी भी 9800 के स्तर से बढ़कर बंद हुआ। हालांकि यह 9900 के स्तर को छू नहीं पाया जिसकी उम्मीद की जा रही थी। जीएसटी के लागू होने के बाद शेयर मार्केट में काफी तेजी देखने को मिल रही है।
बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 232.6 अंक यानि 0.75 फीसदी तक की तेजी के साथ 32,037.4 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 75.6 अंक यानि 0.8 फीसदी बढ़कर 9,891.7 के स्तर पर बंद हुआ है। ये लगातार चौथा दिन है जब मार्केट ने ऑल टाइम हाई क्लोजिंग दी है।
सेंसेक्स और निफ्टी में 0.5 फीसदी से ज्यादा की मजबूती देखने को मिल रही है। कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस, पावर, बैंकिंग, मेटल, एफएमसीजी, फार्मा और रियल्टी शेयरों में खरीददारी से मार्केट ऑलटाइम हाई पर पहुंच गए हैं। सेंसेक्स 91 अंक बढ़कर 31896 अंक पर और निफ्टी 40 अंक की तेजी के साथ 9856 अंक पर खुला।
रुपये में दिखी 16 पैसे की मजबूती
डॉलर के मुकाबले रुपया 16 पैसे की तेजी के साथ 64.38 के स्तर पर खुला है। दरअसल, दुनियाभर की दूसरी करेंसियों के मुकाबले अमेरिकी डॉलर में कमजोरी से रुपये को सहारा मिला है। बुधवार के कारोबारी सत्र में डॉलर के मुकाबले रुपया 64.54 के स्तर पर बंद हुआ था।