अमेरिकी फेड द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी करने के फैसले से वैश्विक बाजारों में गिरावट का असर भारतीय शेयर बाजार में भी देखने को मिला। सेंसेक्स 200 अंक तक फिसल गया, वहीं निफ्टी भी 10900 के नीचे कारोबार कर रहा था। यूएस फेड ने ब्याज दरें 0.25 फीसदी बढ़ा दी हैं। इसके बाद अमेरिकी बाजार कल के कारोबार साल के निचले स्तर पर बंद हुए। कल के कारोबार में डाओ 350 अंक लुढ़ककर बंद हुआ है।
सेंसेक्स करीब 110 अंक की गिरावट के साथ 36375 के स्तर पर और निफ्टी 35 अंक की गिरावट के साथ 10930 के आसपास कारोबार कर रहा है। बैंकिंग शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना हुआ है। निफ्टी के पीएसयू और प्राइवेट बैंक दोनों इंडेक्स लाल निशान में नजर आ रहें हैं। फिलहाल बैंक निफ्टी 0.25 फीसदी की कमजोरी को साथ 27230 के नीचे दिख रहा है।
सेंसेक्स 36365 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं निफ्टी 10940 के नीचे कारोबार कर रहा है। आज के कारोबार में दिग्गज शेयरों में कमजोरी के बावजूद आज मिड और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी दिख रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.12 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।
डॉलर के मुकाबले रुपया 28 पैसे टूटकर 70.68 के स्तर पर खुला हैं। वहीं, डॉलर के मुकाबले रुपये में कल मजबूती देखने को मिली थी। बुधवार को रुपया 4 पैसे की बढ़त के साथ 70.40 के स्तर पर बंद हुआ था।