30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 411.18 अंक या 0.49 प्रतिशत उछलकर 84,363.37 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 704.37 अंक या 0.83 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84,656.56 अंक पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 133.30 अंक या 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,843.15 पर आ गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में से बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और भारती एयरटेल भी लाभ में रहे। वहीं आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटरनल, अदानी पोर्ट्स और पावर ग्रिड पिछड़ गए।
रिलायंस इंडस्ट्रीज 3.52 प्रतिशत चढ़ गई। कंपनी ने शुक्रवार को सितंबर तिमाही के लिए शुद्ध लाभ में साल-दर-साल 9.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो उसके उपभोक्ता-केंद्रित खुदरा और दूरसंचार व्यवसायों में मजबूत प्रदर्शन और उसके मुख्य तेल-से-रसायन खंड में सुधार के कारण संभव हुआ।
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को सकारात्मक दायरे में बंद हुए।
ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक फर्म एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि भारतीय बाजार ने दिवाली मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र से पहले त्योहारी तेजी को जारी रखते हुए सोमवार को अपनी बढ़त जारी रखी। रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे इंडेक्स के दिग्गज शेयरों में मजबूत खरीदारी के चलते निफ्टी-50 में तेजी आई।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.29 प्रतिशत गिरकर 61.11 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 308.98 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी उसी दिन 1,526.61 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। शुक्रवार को सेंसेक्स 484.53 अंक या 0.58 प्रतिशत बढ़कर 83,952.19 पर बंद हुआ। निफ्टी 124.55 अंक या 0.49 प्रतिशत चढ़कर 25,709.85 पर बंद हुआ।
पिछले सप्ताह, बीएसई बेंचमार्क इंडेक्स 1,451.37 अंक या 1.75 प्रतिशत और निफ्टी 424.5 अंक या 1.67 प्रतिशत बढ़ा। स्टॉक एक्सचेंज बीएसई और एनएसई मंगलवार को एक विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र आयोजित करेंगे। यह प्रतीकात्मक ट्रेडिंग सत्र दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे के बीच आयोजित किया जाएगा। मंगलवार को बाजार नियमित कारोबार के लिए बंद रहेगा, लेकिन एक घंटे के लिए एक विशेष ट्रेडिंग विंडो खुली रहेगी।