हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। वैश्विक संकेतों में मजबूती और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर आशावाद के चलते मंगलवार को शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में लगातार तीसरे सत्र में बढ़त दर्ज की गई, हालांकि निवेशकों ने उच्च स्तर पर मुनाफावसूली शुरू कर दी।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में इटरनल, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावरग्रिड, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, मारुति सुजुकी इंडिया, एक्सिस बैंक, टाइटन और हिंदुस्तान यूनिलीवर लाभ कमाने वाले शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदानी पोर्ट्स और आईटीसी पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के अनुसंधान प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिकी व्यापार समझौते और प्रमुख एशियाई बाजारों से मिल रहे सकारात्मक संकेतों के चलते घरेलू शेयर बाजारों में तेजी जारी रही। विदेशी निवेशकों के निवेश में जोरदार उछाल और रुपये की मजबूती से निवेशकों का मनोबल और भी बढ़ रहा है, हालांकि विभिन्न क्षेत्रों में बीच-बीच में मुनाफावसूली भी देखने को मिली।
एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, हांगकांग का हैंग सेंग, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक सकारात्मक दायरे में बंद हुए। सत्र के मध्य में हुए कारोबार में यूरोपीय बाजारों में अधिकतर तेजी देखी गई। सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी तेजी के साथ बंद हुआ।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.20 प्रतिशत गिरकर 68.89 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इस बीच, एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 2,254.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सोमवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 485.35 अंक बढ़कर 84,065.75 पर बंद हुआ, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 173.60 अंक बढ़कर 25,867.30 पर बंद हुआ।