आईटी कंपनियों और ब्लू-चिप रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लिवाली व विदेशी पूंजी प्रवाह के चलते शेयर बाजारों में गुरुवार को तेजी लौटी और सेंसेक्स 398 अंक चढ़ गया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 398.44 अंक या 0.49 प्रतिशत उछलकर 82,172.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 474.07 अंक या 0.57 प्रतिशत बढ़कर 82,247.73 अंक पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 135.65 अंक या 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,181.80 पर आ गया।
रुपया गुरुवार को मामूली नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करते हुए अपने सर्वकालिक निम्नतम स्तर के आसपास रहा और अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.79 पर बंद हुआ, जो 4 पैसे की गिरावट के साथ बंद हुआ।
ये भी पढ़ें: GoI: 'टैरिफ हथियार बन गए हैं, भारत वैश्विक दबाव के आगे नहीं झुकेगा', कृषि मंत्री का खाद्य सुरक्षा पर अहम बयान
नतीजों से पहले आईटी शेयरों में दिखी तेजी
तिमाही आय से पहले एचसीएल टेक, टीसीएस, इंफोसिस और टेक महिंद्रा जैसे आईटी शेयरों में तेजी आई। आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टीसीएस बाजार बंद होने के बाद अपनी तिमाही आय की घोषणा करेगी।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील, एचसीएल टेक, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज प्रमुख लाभ में रहीं। वहीं, एक्सिस बैंक, टाइटन, मारुति और टाटा मोटर्स पिछड़ने वालों में शामिल रहे।
यूरोपीय बाजारों में रहा मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई 225 सूचकांक और शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक काफी ऊपर बंद हुआ, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक नीचे बंद हुआ। यूरोप के बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। बुधवार को अमेरिकी बाजार ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए।
ब्रेंट क्रूड का भाव गिरकर 66.08 डॉलर प्रति बैरल पहुंचा
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.23 प्रतिशत गिरकर 66.08 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 81.28 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। बुधवार को सेंसेक्स 153.09 अंक या 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,773.66 पर बंद हुआ, जिससे चार दिनों से जारी तेजी का सिलसिला थम गया। निफ्टी 62.15 अंक या 0.25 प्रतिशत गिरकर 25,046.15 पर बंद हुआ।