अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और कमजोर वैश्विक बाजार रुझानों के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई । 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 823 अंक या 1 प्रतिशत गिरकर 81,691.98 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 991.98 अंक या 1.20 प्रतिशत गिरकर 81,523.16 अंक पर आ गया था। वहीं, एनएसई निफ्टी 253.20 अंक या 1.01 प्रतिशत गिरकर 24,888.20 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स, टाइटन, इटरनल, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, लार्सन एंड टूब्रो, महिंद्रा एंड महिंद्रा तथा हिंदुस्तान यूनिलीवर सबसे ज्यादा पिछड़ने वाले शेयरों में शामिल रहे। वहीं, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा लाभ में रहे।
इस बीच, 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद टाटा के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक सकारात्मक दायरे में बंद हुआ, जबकि जापान का निक्केई 225 सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोप के शेयर बाजार नकारात्मक क्षेत्र में कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं और अमेरिकी टैरिफ नीति ने निवेशकों के बीच चिंता पैदा की। कारोबारियों ने कहा कि ताजा विदेशी पूंजी निकासी से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, "कई कारकों के कारण घरेलू बेंचमार्क में भारी गिरावट आई। कमजोर वैश्विक धारणा के कारण निवेशकों ने अपनी इच्छानुसार शेयरों से निकासी की। साथ ही इजरायल के ईरान पर हमला करने की संभावना और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ धमकी का असर पड़ा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.43 प्रतिशत घटकर 68.77 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 446.31 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी बेची। बुधवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 123.42 अंक या 0.15 प्रतिशत बढ़कर 82,515.14 पर बंद हुआ। निफ्टी 37.15 अंक या 0.15 प्रतिशत बढ़कर 25,141.40 पर बंद हुआ।