अदाणी पावर, अदाणी टोटल गैस, अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस और अदाणी ग्रीन एनर्जी सहित अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में उछाल आया। अदाणी समूह के शेयरों में यह तेजी समूह की ओर से यह स्पष्टीकरण देने के बाद आई है कि गौतम अदाणी और उनके सहयोगियों पर अमेरिकी विदेशी भ्रष्ट आचरण अधिनियम के तहत आरोप नहीं लगाया गया है, साथ ही उन पर प्रतिभूति और वायर धोखाधड़ी सहित जो तीन अन्य आरोप हैं, वे मौद्रिक जुर्माने से दंडनीय हैं। समूह की कुछ कंपनियां अपनी ऊपरी सर्किट सीमा तक पहुंच गईं।
निफ्टी के टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स शेयर ये रहे

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,157.70 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। एशियाई बाजारों में शंघाई और हांगकांग बढ़त में बंद हुए, जबकि सियोल और टोक्यो में गिरावट दर्ज की गई। यूरोपीय बाजारों में ज़्यादातर गिरावट देखी गई। मंगलवार को अमेरिकी बाज़ार सकारात्मक दायरे में बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.63 प्रतिशत बढ़कर 73.23 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
इससे पहले मंगलवार को बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स 105.79 अंक या 0.13 फीसदी की गिरावट के साथ 80,004.06 पर बंद हुआ था। निफ्टी 27.40 अंक या 0.11 फीसदी की गिरावट के साथ 24,194.50 पर बंद हुआ था।