अदाणी विवाद के बावजूद शुक्रवार का काराेबारी सत्र घरेलू शेयर बाजार को रास आया। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स 1,961.32 अंक चढ़कर 79,117.11 पर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी50 गुरुवार को पांच महीने के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद उबरते हुए 23,900 अंकों के पार 557.35 (2.39%) अंकों की बढ़त के साथ 23,907.25 पर बंद हुआ। अमेरिकी श्रम बाजार के मजबूत आंकड़ों से घरेलू शेयर बाजार उत्साहित दिखा। उछाल के बाद, बीएसई पर सूचीबद्ध सभी शेयरों का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 7.2 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 432.57 लाख करोड़ रुपये हो गया।
सेंसेक्स शुक्रवार को 2.54 प्रतिशत मजबूत होकर फिर से 79,000 के स्तर पर पहुंचने में सफल रहा। यह तेजी वैश्विक बाजारों में मजबूती और निचले स्तरों पर खरीदारी के कारण आई। कारोबारियों ने कहा कि घरेलू संस्थागत निवेशकों की मजबूत खरीदारी और अमेरिकी बाजारों में मजबूत रुख से भी सूचकांक को मदद मिली। बीएसई का सेंसेक्स 1,961.32 अंक या 2.54 प्रतिशत उछलकर 79,117.11 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 2,062.4 अंक या 2.67 प्रतिशत बढ़कर 79,218.19 अंक पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 557.35 अंक या 2.39 प्रतिशत बढ़कर 23,907.25 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियां लाभ में रहीं।