एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन की अगुवाई में भारती शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स मंगलवार को लगातार छठे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। इस दौरान निफ्टी 50 लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा। मंगलवार को बीएसई बेंचमार्क सेंसेक्स 349 अंक या 0.48% बढ़कर 73,057 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 75 अंक या 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,197 अंक पर बंद हुआ।
पावर ग्रिड और एचडीएफसी बैंक के शेयर टॉप गेनर्स के रूप में करोबार करते दिखे
सेंसेक्स की ब्लूचिप कंपनियों पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी और कोटक बैंक के शेयर टॉप गेनर्स के रूप में कारोबार करते दिखे और 2% से 4% की बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, टीसीएस, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक, बजाज फिनसर्व और मारुति सुजूकी के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। स्मॉलकैप स्टॉक जैगल प्रीपेड ओशन सर्विसेज के शेयर मंगलवार के कारोबारी सेशन के दौरान 14% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए। कंपनी ने घोषणा की है कि उसने तीन साल के लिए ईजमायट्रिप प्लानर्स लिमिटेड के साथ एक समझौता किया है।
निफ्टी बैंक एक प्रतिशत की बढ़त के साथ हुआ बंद
जैगल और ईजमायट्रिप कॉरपोरेट ग्राहकों को एकीकृत यात्रा और व्यय प्रबंधन समाधान प्रदान करेंगे। काउंटर पर ब्लॉक डील की रिपोर्ट के बीच टूरिज्म फाइनेंस कॉर्पोरेशन का शेयर 5% की अपर सर्किट में बंद हुआ। निफ्टी बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और कोटक बैंक की अगुवाई में 1% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए।
निफ्टी मीडिया में भी दो प्रतिशत से अधिक का उछाल
दूसरी ओर, निफ्टी मीडिया में जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइज और टीवी 18 ब्रॉडकास्ट की अगुवाई में 2% से अधिक का उछाल आया। विस्तृत बाजार में, निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप क्रमशः 0.13% और 0.53% तक फिसले। बाजार में बुल्स के पक्ष में रुझान दिखा। बीएसई पर लगभग 1,949 शेयरों में तेजी आई, 1,887 में गिरावट आई और 95 अपरिवर्तित रहे। रुपया मंगलवार को डॉलर के मुकाबले 6 पैसे की गिरावट के साथ 82.95 रुपये (अस्थाई) के भाव पर बंद हुआ।