शेयर बाजार वीकली एक्पायरी के दिन बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। आरबीआई एमपीसी में लिए गए फैसलों के एलान के बाद बेंचमार्क इंडेक्स नीचे फिसल गए। गुरुवार के कारोबारी सेशन के बाद सेंसेक्स 723.57 (1.00%) अंकों की गिरावट के साथ 71,428.43 के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी 212.55 (0.97%) अंक फिसलकर 21,717.95 के लेवल पर बंद हुआ।
एमपीसी के फैसले के बाद रुपये में सपाट क्लोजिंग
रिजर्व बैंक द्वारा मुद्रास्फीति पर कड़ी निगरानी रखने के लिए लगातार छठी बार प्रमुख नीतिगत दर को अपरिवर्तित रखने के फैसले के बाद गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में 82.96 (प्रारंभिक आंकड़ा) पर सपाट क्लोजिंग हुई। कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में नकारात्मक रुख से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 82.94 पर खुला और एक संकीर्ण दायरे में कारोबार करता दिखा। आखिरकार अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 82.96 पर बंद हुआ। केंद्रीय बैंक ने लगातार छठी बार रेपो दर 6.5 फीसदी पर बरकरार रखी। दिन में कारोबार के दौरान रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.89 के उच्चतम स्तर और 83 के निचले स्तर को छुआ। इससे पहले बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 9 पैसे मजबूत होकर 82.96 के स्तर पर बंद हुआ था।