शेयर बाजार शुक्रवार को हल्की गिरावट के साथ सपाट बंद हुआ। शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 47.77 (0.07%) अंक नीचे 65,970.04 पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी भी 7.30 (0.04%) अंक फिसलकर 19,794 पर आ गया। शेयर बाजार में सोमवार यानी 27 नवंबर को गुरु नानक जयंती के मौके पर छुट्टी है। अब बाजार में मंगलवार को कारोबार होगा। शुक्रवार को बाजार में सबसे ज्यादा बिकवाली आईटी, एफएमसीजी और सरकारी बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में दिखी। हालांकि, मेटल और फार्मा सेक्टर में खरीदारी देखी गई। इस दौरान मिडकैप इंडेक्स में लगातार 17वें दिन तेजी आई। इससे पहले गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स 66,017 के स्तर पर बंद हुआ था।
डीजीसीए ने जीएनएसएस से होने वाली दिक्कतों से निपटने के लिए जारी किया सर्कुलर
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने वैश्विक नौवहन उपग्रह प्रणाली (जीएनएसएस) के जाम होने और उसकी नकल करने से उत्पन्न खतरों से निपटने के उपायों पर विमानन कंपनियों और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) को सर्कुलर जारी किया है। परिपत्र में विमान ऑपरेटरों, पायलटों, एयर नेविगेशन सेवा प्रदाताओं (एएनएसपी) और हवाई यातायात नियंत्रकों के लिए व्यापक उपाय और कार्य योजनाओं की जानकारी दी गई है। एएआई देश का एएनएसपी है, और हवाई यातायात नियंत्रक भी इसके अंतर्गत आते हैं। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी है।