बता दें कि एंकर निवेशक ऐसे संस्थागत निवेशक होते हैं जिन्हें प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के खुलने से पहले ही उसमें हिस्सेदारी की पेशकश कर दी जाती है। इस संदर्भ में कंपनी ने बीएसई को बताया कि सिंगापुर सरकार, मॉनिटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, गवर्नमेंट पेंशन फंड ग्लोबल और बिड़ला म्यूचुअल फंड इन एंकर निवेशकों में शामिल हैं। इन्हें आईपीओ की कीमत के दायरे की ऊपरी सीमा 755 रुपये प्रति शेयर की दर से पेशकश की गई।
इन 74 एंकर निवेशकों में 12 म्यूचुअल फंड शामिल हैं और इन्हें कुल 3,66,69,589 शेयर आवंटित किए गए। इन शेयरों का कुल मूल्य 2,768.55 करोड़ रुपये है।
दो मार्च को खुलेगा आईपीओ
कंपनी का आईपीओ दो मार्च को खुलेगा। यह साल 2020 का पहला आईपीओ होगा। मालूम हो कि एसबीआई कार्ड्स के लगभग 95 लाख ग्राहक हैं। यह एचडीएफसी बैंक के बाद कार्ड जारी करने वाली यह दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है। इसके पास 18 फीसदी मार्केट शेयर हैं। 18 फरवरी के सूचीपत्र से मिली जानकारी के अनुसार, आईपीओ का बिडिंग प्रोसेस पांच मार्च को बंद हो जाएगा। इसके लिए कीमत दायरा 750 से 755 रुपये प्रति शेयर रखा गया है।
एसबीआई कार्ड्स में एसबीआई की 76 फीसदी हिस्सेदारी
मौजूदा समय में एसबीआई कार्ड्स में एसबीआई की हिस्सेदारी 76 फीसदी है। वहीं बाकी की हिस्सेदारी कार्लाइल ग्रुप के पास है। इस आईपीओ के बुक-रनिंग लीड मैनेजर्स कोटक महिंद्रा कैपिटल, एक्सिस कैपिटल, डीएसपी मेरिल लिंच, नोमूरा फाइनेंशल अडवाइजरी, एचएसबीसी सिक्योरिटीज और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स हैं।
क्या कहते हैं आरबीआई के आंकड़ें
भारतीय रिजर्व बैंक ( आरबीआई ) के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय बाजार में एचडीएफसी बैंक के सबसे अधिक यानी 133 लाख क्रेडिट कार्ड हैं, एसबीआई कार्ड्स के 94.6 लाख और 79 लाख क्रेडिट कार्ड के साथ आईसीआईसीआई बैंक तीसरे स्थान पर है। बीते तीन वर्षों में भारत में क्रेडिट कार्ड से खर्च में सालाना 35.6 फीसदी की दर से बढ़ोतरी हुई है। वहीं क्रेडिट कार्ड बकाए में 25.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।