डाबर इंडिया लिमिटेड ने बताया कि मार्च को समाप्त चौथी तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध मुनाफा 24.19 फीसदी घटकर 281.60 करोड़ रुपये रह गया। डाबर इंडिया ने एक नियामक सूचना में कहा कि कंपनी ने साल भर पहले 371.49 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
12.34 फीसदी घटी परिचालन आय
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय 12.34 फीसदी घटकर 1,865.36 करोड़ रुपये रह गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,128.19 करोड़ रुपये थी। इस संदर्भ में डाबर इंडिया के सीईओ मोहित मल्होत्रा ने कहा कि, 'चौथी तिमाही में शुरुआत अवसरों का सफलतापूर्वक दोहन करते हुए सकारात्मक रुख के साथ शुरुआत हुई। हालांकि, मार्च में कोविड-19 का प्रकोप हुआ, इसके बाद देशव्यापी लॉकडाउन हुआ, जिससे हमारे व्यापार में गंभीर रुकावट आई और मार्च 2020 के दूसरे पखवाड़े में लगभग ठहरराव की स्थिति कायम हो गई।'
कोविड-19 न होता, तो बढ़ता मुनाफा
कंपनी के अनुसार, 'अगर कोविड-19 न हुआ होता तो तिमाही राजस्व में 4.5 फीसदी की वृद्धि और शुद्ध मुनाफे में 12.5 फीसदी की वृद्धि हासिल करने के मार्ग पर अग्रसर थी।' वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही में डाबर इंडिया का कुल खर्च 1,580.49 करोड़ रुपये रहा, जो पहले के 1,729.59 करोड़ रुपये के खर्च से 8.62 फीसदी कम है।
डाबर इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष अमित बर्मन ने कहा, 'हमारी लाभांश भुगतान नीति को जारी रखते हुए, बोर्ड ने प्रति शेयर 1.60 रुपये के लाभांश का प्रस्ताव रखा है, जो 282.74 करोड़ रुपये बनता है।'