फास्ट फूड जाइंट मैक्डॉनल्ड बाजार खासकर भारतीय बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए भारतीय नाश्ता परोसने की तैयारी कर रहा है। खबरों के अनुसार कंपनी ने नाश्ते के मेन्यू में मसाला डोसा, बर्गर और अंडा भुज्जी जैसे भारतीय व्यंजन परोस सकती है।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नए मैकब्रेकफस्ट पेश किए जा रहे हैं। ये नाश्ता आपको केवल सुबह के वक्त ही मिल सकेगा। कंपनी की यह कोशिश अपने कारोबार में नई जान डालने के लिए की जा रही है। नए मेन्यू में कॉन्टिनेंटल और इंडियन डिशेज को जगह दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार इसे ट्रायल बेसिस पर मुंबई में लॉन्च किया जाएगा और बाद में देशभर में। गौरतलब है कि मैक्डॉनल्ड ने पहले भी भारतीय व्यंजनों को जगह देने के हिसाब से काम किया है लेकिन कंपनी के मुताबिक इस बार एक अलग मेन्यू की पूरी रेंज पेश की जाएगी।
कंपनी ने इससे पहले भी कॉफी और हॉट बेवरेजेज के लिए ऐसी ही रणनीति बनाई थी, जब मैककैफे को तीन साल पहले एक अलग फॉर्मेट में लॉन्च किया गया था। वहीं स्ट्रीट फूड से सबक लेकर आलू टिक्की बर्गर भी पहले पेश किया जा चुका है। जिसे आप मैक आलू टिक्की बर्गर के रूप में जानते हैं।