कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका के न्यूयॉर्क प्रांत में अब चीजें पटरी पर लौटने को तैयार हो गई हैं। अर्थव्यवस्था को दुरुस्त करने के इरादे के साथ यहां लॉकडाउन में ढील भी दी जाने लगी है। इसी कड़ी में मंगलवार को दो महीने के अंतराल के बाद एक बार फिर से न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज खुल गया।
राज्यपाल एंड्रयू क्यूमो द्वारा प्रतिष्ठित घंटी बजाकर न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज के ट्रेडिंग फ्लोर को दो महीने बाद फिर से खोल दिया गया। हालांकि इस बार यहां हमेशा वाला शोर नजर नहीं आया और कुछ लोग ही मास्क लगाए नजर आए। कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण मध्य मार्च से बंद एनवाईएसई को कड़े शर्तों और दिशानिर्देशों के साथ खोला गया है। यहां छह फुट की सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने के लिए ट्रेडिंग फ्लोर पर एक वक्त में कुछ व्यापारी ही मौजूद रहेंगे। उन्हें मास्क भी पहनना होगा।
NYSE के अध्यक्ष स्टेसी कनिंघम ने कहा कि 11 वॉल स्ट्रीट पर एक्सचेंज में प्रवेश करने वाले किसी को भी सार्वजनिक परिवहन से बचने के लिए कहा जा रहा है और प्रवेश से पहले उनका तापमान लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सारे बदलाव कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए किए गए हैं।
बता दें कि वैश्विक महामारी कोरोना से अमेरिका में जहां करीब 99 हजार मौतें हुई हैं वहीं न्यूयॉर्क में 29 हजार से अधिक लोगों की जान गई है।