मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच मंगलवार को विशेष एक घंटे के मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र में बेंचमार्क शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। इस तरह बाजार के लिए नए संवत वर्ष 2082 की शुरुआत सकारात्मक रही। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 62.97 अंक या 0.07 प्रतिशत बढ़कर 84,426.34 पर बंद हुआ। सांकेतिक कारोबार के दौरान, बेंचमार्क ने 84,665.44 के उच्चतम और 84,286.40 के निम्नतम स्तर को छुआ। एनएसई निफ्टी 25.45 अंक या 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,868.60 पर बंद हुआ। निफ्टी के 25 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि 24 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए और एक शेयर अपरिवर्तित रहा।
स्टॉक एक्सचेंज बीएसई और एनएसई ने नए संवत वर्ष 2082 और नए खातों की शुरुआत के मौके पर मंगलवार को 13.45 बजे से 14.45 बजे तक एक विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र आयोजित किया। सोमवार को समाप्त हुए पिछले संवत 2081 में बीएसई सेंसेक्स 4,974.31 अंक या 6.26 प्रतिशत उछला और निफ्टी 1,637.8 अंक या 6.76 प्रतिशत चढ़ा। मुहूर्त ट्रेडिंग दिवाली के अवसर पर स्टॉक एक्सचेंजों द्वारा आयोजित एक घंटे का प्रतीकात्मक ट्रेडिंग सत्र है, जो नए संवत वर्ष की शुरुआत और व्यापारियों द्वारा खातों की नई पुस्तकों का प्रतीक है।
इस बीच, वैश्विक बाजारों में मजबूती देखी गई। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय शेयर बाज़ारों में तेज़ी देखी गई, जबकि एशियाई शेयर बाज़ार बढ़त के साथ बंद हुए। शंघाई का कम्पोजिट बेंचमार्क 1.36 प्रतिशत बढ़ा, हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक 0.77 प्रतिशत चढ़ा, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.24 प्रतिशत बढ़ा, तथा जापान का बेंचमार्क निक्केई 225 0.15 प्रतिशत बढ़ा।
ये भी पढ़ें: US-Australia Agreement: अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया ने अहम खनिजों से जुड़े समझौते पर दस्तखत किए; मकसद- चीन से मुकाबला
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 790.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,485.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर एफआईआई को पीछे छोड़ दिया। सोमवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 411.18 अंक उछलकर 84,363.37 पर बंद हुआ, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 133.30 अंक बढ़कर 25,843.15 पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्चसेंज (एनएसई) के सीईओ व एमडी आशीष चौहान ने मुर्हूत ट्रेडिंग के अवसर बात करते हुए बताया कि बाजार लगभग नई ऊंचाई के करीब है और इस दिवाल बाजार ने अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसमें लगभग 6.5 प्रतिशत रिटर्न मिला है। वैश्विक कारकों की वजह से बाजार में गिरावट आई है और अब हम काफी बेहतर स्थिति में हैं। मुझे विश्वास है कि हम नए संवत में नई ऊंचाइयां हासिल करे सकेंगे। भारत आने वाले वर्षों में विश्व के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि आय अब शेयर कीमतों के अनुरूप हो रही है और अर्थव्यवस्था के विकास के लिए हमें अधिक कंपनियों को सूचीबद्ध करवाने की आवश्यकता होगी। साथ ही उन्होंने बताया कि एनएसई पर 12 करोड़ विजिटर हैं, जिसमें से 3 करोड़ से अधिक महिला निवेशक हैं।
एनएसई आईपीओं सूचीबद्धता के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नियामयक से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जल्द ही मिलने पर एनएसई अगले सवंत में बीएसई पर सूचीबद्ध हो सकेगा। हमें पूरी उम्मीद है कि हम नए संवत में सूचीबद्ध हो सकेंगे। हम अभी एनओसी का इंतजार कर रहे हैं। एक बार सेबी एनओसी दे देता है तो हमारी योजना है कि 8 से 10 महीनों इस प्रक्रिया को पूरी करने की होगी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के एमडी और सीईओ सुंदररामन राममूर्ति ने कहा, पिछले साल घरेलू बाजार ने कई तरह की चुनौतियों का सामना किया, जिसमें भू-राजनीतिक समस्याओं के साथ टैरिफ की वजह से व्यापारिक तनाव मुख्य है। लेकिन सरकार ने घरेलू स्तर पर जीएसटी सुधार के साथ ही मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने से घरेलू बाजार में मांग और खपत दोनों को बढ़ाव मिला है। इसलिए आने वाले साल में बाजार सकारात्मक रूप से कारोबार करेगा।