दुनिया की सबसे बड़ी सीमेंट निर्माता कंपनी लाफार्ज होल्सिम लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि वह लाफार्ज इंडिया में अपनी हिस्सेदारी 1.4 अरब डॉलर मूल्य में निरमा लिमिटेड को बेचेगी। लाफार्ज इंडिया तीन सीमेंट संयंत्रों और दो ग्राइंडिंग इकाइयों का संचालन करती है, जिसकी सालाना क्षमता करीब 1.1 करोड़ टन है।
कंपनी ने एक बयान में कहा है कि लाफार्ज होल्सिम ने निरमा लिमिटेड के साथ भारतीय इकाई लाफार्र्जे इंडिया में अपनी हिस्सेदारी को करीब 1.4 अरब डॉलर में बेचने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किया है। विनिवेश से मिलने वाली राशि का उपयोग ऋण उतारने में किया जाएगा। लाफार्ज इंडिया देश में रेडी-मिक्स कंक्रीट की सबसे बड़ी निर्माता कंपनी है।
लाफार्ज होल्सिम देश में अन्य सहायक इकाई एसीसी और अंबुजा सीमेंट के जरिए सीमेंट कारोबार चलाती रहेगी। इन दोनों कंपनियों की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता छह करोड़ टन से अधिक है तथा इनके पूरे देश में वितरण नेटवर्क फैले हुए हैं।