हाजिर मांग कमजोर पड़ने के साथ सटोरियों के सौदे कम करने से वायदा बाजार में सोना बुधवार को 1.36 प्रतिशत टूटकर 49,698 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर महीने की डिलिवरी के लिए सोना 683 रुपये यानी 1.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 49,698 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इसमें 8,176 लॉट के लिये कारोबार हुआ। वहीं, न्यूयार्क में सोने का भाव 1.48 प्रतिशत गिरकर 1,879.30 डॉलर प्रति औंस रहा।
कमजोर मांग से वायदा बाजार में चांदी 2812 रुपये लुढ़की
कमजोर मांग के बीच प्रतिभागियों के सौदे घटाने से वायदा बाजार में चांदी की कीमत बुधवार को 2,812 रुपये लुढ़क कर 58,401 रुपये किलो रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में दिसंबर महीने की डिलिवरी के लिये चांदी 2,812 रुपये यानी 4.59 प्रतिशत लुढ़क कर 58,401 रुपये किलो पर आ गई। इसमें 15,977 लॉट के लिए कारोबार हुआ। उधर, न्यूयार्क में चांदी की कीमत 4.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23.43 डॉलर प्रति औंस रही।
मंगलवार को इतना था सोने-चांदी का दाम
मंगलवार को कमजोर वैश्विक रुख के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 672 रुपये घटकर 51,328 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई थी। वहीं चांदी की कीमत 5,781 रुपये गिरकर 61,606 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, सोना 1,900 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी ने सपाट रुख दिखाया और 26.12 डॉलर प्रति औंस पर बोली लगाई गई। दुनिया के सबसे बड़े सोना-समर्थित एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड, एसपीडीआर गोल्ड ट्रस्ट में ईटीएफ होल्डिंग मंगलवार को 0.05 फीसदी गिरकर 1,278.23 टन रही।
अब तक 26 फीसदी बढ़ी कीमत
सोने का राजनीतिक और वित्तीय अनिश्चितता के समय में सुरक्षित निवेश के रूप में उपयोग किया जाता है, इस वर्ष यह लगभग 26 फीसदी तक महंगा हुआ है। भारत में सोने का आयात अगस्त में बढ़कर 3.7 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी महीने में 1.36 अरब डॉलर था। चीन के बाद भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है। भारत में सोने पर 12.5 फीसदी आयात शुल्क और तीन फीसदी जीएसटी लगता है।