गैर चांदी के आभूषणों पर 1 फीसदी उत्पाद कर लगाए जाने के बजट प्रस्ताव के बाद इसके विरोध में तकरीबन छह सप्ताह तक हड़ताल रखने के बाद मंगलवार को देश भर में बड़ी संख्या में ज्वेलरों और सर्राफा कारोबारियों ने अपनी दुकानें खोल लीं।
दिल्ली और मुंबई के कुछ ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में सामान्य कामकाज शुरू हो गया तो कुछ प्रतिष्ठान बंद रहे। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में ज्वेलरी की दुकानें खुली रहीं।
एसोचैम के नेशनल काउंसिल ऑन जेम्स अंड ज्वेलरी के चेयरमैन शंकर सेन ने कहा कि सरकार के इस आश्वासन के बाद कि अशोक लाहिड़ी समिति इन सभी मांगों पर विचार करेगी, अगले कुछ दिनों में ज्वेलर अपनी हड़ताल वापस ले सकते हैं। फिलहाल करीब 60 फीसदी ज्वेलर काम पर वापस आ चुके हैं।