सोने की कीमत भले ही पिछले पांच साल के निचले स्तर पहुंच गई है, लेकिन इसका लाभ सोने की ज्वेलरी निर्माताओं को नहीं मिल रहा है। हालांकि सोने के ज्वेलरी निर्माताओं को सोने के भाव में गिरावट से ज्वेलरी निर्यात में और बढ़ोतरी की उम्मीद लग रही है।
घरेलू बाजार में सोने की कीमत 25,000 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर पहुंच गई जो पिछले पांच साल में सबसे कम है। राजमल लखी चंद ज्वैलर्स के मनीष जैन के मुताबिक सोने के दाम गिरने से ज्वेलरी की मांग में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि जब कीमत गिर रही होती है तो ग्राहकों को और गिरावट की उम्मीद होती है।
ऐसे में ग्राहक इस बात का इंतजार करते हैं कि गिरावट थमने के बाद ज्वेलरी की खरीदारी करेंगे ताकि उन्हें गिरावट का पूरा लाभ मिल सके। अन्य ज्वेलरी निर्माताओं ने बताया कि ज्वेलरी का स्टॉक पहले से मौजूद है।
अब उन्हें दिक्कत इस बात की आ रही है कि पिछले महीने के ज्वेलरी की लागत अधिक है क्योंकि उस समय सोने की कीमत अधिक थी। अब सोने के भाव कम हो गए हैं इसलिए उन्हें पुराने ज्वेलरी को भी सोने के नए भाव के हिसाब से बेचना होगा।