वाहन चलाने वालों के लिए एक अच्छी खबर है,जल्द ही उन्हें वाहन चलाने के लिए सस्ता ईंधन मिल सकता है। दरअसल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटने के साथ ही इंडियन बास्केट के कच्चे तेल की कीमत 11 साल के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है।
इससे तेल कंपनियों और सरकार को तो फायदा होगा ही, खुदरा बाजार में पेट्रोल व डीजल की कीमतों में भी नरमी आने के आसार हैं। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक इंडियन बास्केट के कच्चे तेल की कीमत 7 दिसंबर 2015 को 38.61 डॉलर प्रति बैरल रही, जो कि बीते 11 साल का न्यूनतम स्तर है।
इससे पहले नवंबर 2004 में 38.62 डॉलर प्रति बैरल का भाव रहा था। इससे अर्थव्यवस्था को तो फायदा पहुंचेगा ही, सरकार के सब्सिडी बिल में भी कमी आएगी। इसके साथ ही एक बार फिर से पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कीमतों में कटौती के आसार बन गए हैं।
उल्लेखनीय है कि नवंबर 2004 के दौरान दिल्ली में पेट्रोल की खुदरा कीमत 39 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल की कीमत 26.28 रुपये थी।