सकारात्मक वैश्विक संकेतों के कारण आज भारतीय बाजारों में सोने और चांदी की वायदा कीमत में तेजी दर्ज की गई। एमसीएक्स पर जून महीने का सोना वायदा 0.35 फीसदी बढ़कर करीब एक महीने के उच्च स्तर 45503 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी वायदा 0.6 फीसदी बढ़कर 64,943 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले सत्र में सोने और चांदी में क्रमशः 0.15 फीसदी और 0.9 फीसदी की गिरावट आई थी। पिछले एक महीने में सोना 45,700 से 44,100 के बीच कारोबार कर रहा है।
उच्च स्तर से 11,000 रुपये नीचे है कीमत
पीली धातु अगस्त के 56,200 के उच्च स्तर से लगभग 11,000 रुपये नीचे है और इस वर्ष की शुरुआत से यह लगभग 5,000 सस्ता है। पिछले हफ्ते, सोने की कीमत 44,100 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिर गई थी, जो अप्रैल 2020 के बाद का न्यूनतम स्तर।
वैश्विक बाजारों में इतना रहा दाम
वैश्विक बाजारों में, कमजोर अमेरिकी डॉलर और अमेरिकी यील्ड में उतार-चढ़ाव के कारण सोने में बढ़त रही। हाजिर सोना 0.3 फीसदी बढ़कर 1,733.31 डॉलर प्रति औंस रहा। अपने प्रतिद्वंद्वी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर लगभग दो सप्ताह के निचले स्तर तक लुढ़क गया। अन्य कीमती धातुओं में चांदी 0.3 फीसदी बढ़कर 24.96 डॉलर हो गई, जबकि पैलेडियम 0.3 फीसदी की गिरावट के साथ 2,657.66 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
सोने का सबसे बड़ा आयातक देश है भारत
भारत दुनिया का सबसे बड़ा सोने का आयातक देश है। मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करने के लिए सोने का आयात किया जाता है। मात्रा के हिसाब से भारत सालाना 800 से 900 टन सोने का आयात करता है।
कीमत में उतार-चढ़ाव के प्रमुख कारण
अमेरिकी डॉलर में उतार-चढ़ाव, बढ़ते कोरोना वायरस के मामले और इससे संबंधित प्रतिबंध, प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं से मिश्रित आर्थिक डाटा, अतिरिक्त प्रोत्साहन उपायों, आदि से सोने और चांदी की कीमत में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है।