राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव सोमवार को 542 रुपये की तेजी के साथ 53,461 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातु के भाव में तेजी और रुपये की गिरावट को प्रदर्शित करता है। पिछले कारोबारी दिन में कीमती पीली धातु 52,919 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
सोने के साथ चांदी की चमक बढ़ी
सोने के साथ ही चांदी की चमक में भी इजाफा हुआ है। चांदी पिछले कारोबारी दिन में 68,939 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, जो सोमवार को 993 रुपये बढ़कर 69,932 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,993 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 25.88 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर थी।
एक महीने के उच्च स्तर पर सोना
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक दिलीप परमार के मुताबिक, सोने की कीमतें सोमवार को कॉमेक्स पर हाजिर भाव में एक प्रतिशत की तेजी के साथ 1,993 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थीं। रूस-यूक्रेन संघर्ष पर वैश्विक बाजार में अनिश्चितता के कारण सोने की कीमतें एक महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गईं हैं।