अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली करने के कारण बुधवार को दिल्ली में सोना ऑल टाइम हाई से फिसल गया। सोने की कीमतें 1,300 रुपये की गिरावट के साथ 1,13,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गईं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बुधवार को 1,300 रुपये घटकर 1,13,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया।
अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेड के महत्वपूर्ण नीतिगत फैसले से पहले मुनाफावसूली के चलते सोने में कमजोरी दिखी। जानकारों का मानना है कि प्रतिभागियों ने फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले अपना जोखिम घटाया है। बाजार में सतर्कता का माहौल बना हुआ है, क्योंकि बाजार न केवल ब्याज दरों में कटौती का, बल्कि फेड की ओर से आगे की ब्याज दरों में और ढील देने के दिशानिर्देशों का भी इंतजार कर रहे हैं।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी एवं करेंसी) जतीन त्रिवेदी ने कहा, "बिना अतिरिक्त ब्याज दरों में कटौती के स्पष्ट रोडमैप के कोई भी तटस्थ रुख या कम नरम टिप्पणी, बुलियन में कुछ प्रतिशत की गिरावट ला सकती है।"
मुनाफावसूली के कारण धारणा प्रभावित होने से चांदी की कीमत में भी गिरावट आई। बुधवार को चांदी 1,670 रुपये की गिरावट के साथ 1,31,200 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया। पिछले सत्र में इसने 570 रुपये की बढ़त के बाद 1,32,870 रुपये प्रति किलोग्राम का नया रिकॉर्ड बनाया था।