कीमती धातुओं में जारी रिकॉर्ड तेजी थम गई। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को सोने की कीमत 500 रुपये की गिरावट के साथ 1,20,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी अपने उच्चतम स्तर से 500 रुपये गिरकर 1,20,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया। वहीं चांदी की कीमतें भी 500 रुपये घटकर 1,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गईं। निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली करने व अमेरिकी डॉलर में मामूली सुधार से बाजार की धारणा प्रभावित हुई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टि की है। गांधी जयंती और दशहरा के अवसर पर गुरुवार को स्थानीय सर्राफा बाजार बंद रहे।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि शुक्रवार को सर्राफा बाजार में रिकॉर्ड ऊंचाई से गिरावट आई और इसमें गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी डॉलर में मामूली सुधार और पांच दिन की तेजी के बाद व्यापारियों द्वारा मुनाफावसूली के कारण इसमें गिरावट आई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोने में भी गिरावट देखी गई और यह गुरुवार को 3,897.20 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर को छूने के बाद 3,863.51 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
ऑग्मोंट में अनुसंधान प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा कि अमेरिका द्वारा टैरिफ बढ़ाए जाने से अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्य के बारे में चिंताएं बढ़ गई हैं, जिससे अनिश्चितता के विरुद्ध बचाव के रूप में सोने की मांग बढ़ गई है, जबकि लगातार भू-राजनीतिक तनाव के कारण सुरक्षित निवेश के रूप में सोने का आकर्षण बना हुआ है।