Gold Silver Price: मजबूत मांग के बीच मंगलावर को सोने का भाव 800 रुपये बढ़कर 98,820 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। चांदी की कीमत 2,000 रुपये बढ़कर 1,12,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई।
स्टॉकिस्टों की भारी खरीदारी के बीच सोने-चांदी की कीमतों में उछाल आया। राजधानी दिल्ली में मंगलावर को सोने का भाव 800 रुपये बढ़कर 98,820 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना मंगलवार को 700 रुपये बढ़कर 98,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। चांदी की कीमत 2,000 रुपये बढ़कर 1,12,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टि की है।
फेड रिजर्व की बैठक को लेकर निवेशक हैं सतर्क
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा कि फेडरल रिजर्व की होने वाली बैठक में ब्याज दरों को लेकर चिंताओं के बीच सुरक्षित निवेश की मांग में तेजी आई। उन्होंने कहा कि फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की नरम रुख वाली टिप्पणियों और पिछले सप्ताह की निराशाजनक रोजगार बाजार रिपोर्ट के कारण व्यापारी सितंबर में फेड की आगामी बैठक में संभावित ब्याज दरों में कटौती के प्रति अधिक आशावादी हो गए हैं। इससे सोने के व्यापारियों की धारणा को बल मिला है।
विज्ञापन
अमेरिकी टैरिफ की धमकियों ने सोने को सहारा दिया
मिराए एसेट शेयर खान के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट (फंडामेंटल करेंसीज एंड कमोडिटीज) प्रवीण सिंह ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा रूस से तेल खरीद पर भारत पर भारी टैरिफ लगाने की धमकी से भी सोने को बल मिला। एनडीएफ बाजार में भारतीय रुपया गिरकर 88 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया।
निवेशकों को हैं अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों का इंतजार
इस बीच, न्यूयॉर्क में सोना हाजिर 20.95 डॉलर या 0.62 प्रतिशत गिरकर 3,352.61 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी कमोडिटी रिसर्च कायनात चैनवाला ने कहा कि सोना 3,430 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर बना हुआ है, क्योंकि बाजार आईएसएम सर्विसेज पीएमआई और नवीनतम अमेरिकी व्यापार संतुलन डेटा के जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।
टैरिफ अनिश्चितता सोने को देगा बल
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाजिर चांदी 37.39 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही। एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी एवं करेंसी) जतीन त्रिवेदी ने कहा कि इस समय सबकी नजर टैरिफ पर है। अमेरिका इन्हें अपने फेवर में बदलने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भले ही सोने की कीमतों में थोड़ा उतार देखा गया हो, लेकिन टैरिफ को लेकर अनिश्चितता और डॉलर की कमजोरी की वजह से सोने की मांग और कीमतों को अब भी सहारा मिल रहा है।