आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की बिकवाली से शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में सोने का भाव 600 रुपये घटकर एक लाख के नीचे आ गया। सोना का भाव 99,960 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 550 रुपये गिरकर 99,250 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया। वहीं चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये घटकर 1,05,200 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टी की है।
वैश्विक बाजार में सोना हाजिर 16.72 डॉलर प्रति औंस या 0.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,353.67 डॉलर पर कारोबार कर रहा था। विदेशी बाजारों में हाजिर चांदी 0.77 प्रतिशत गिरकर 36.10 डॉलर प्रति औंस रह गई। बैंक ऑफ इंग्लैंड ने भी गुरुवार को अपनी मौद्रिक नीति बैठकों में दरें स्थिर रखीं। इससे कीमती धातुओं की बढ़त सीमित हो गई।
तीन सप्ताह में चांदी की पहली साप्ताहिक गिरावट
मेहता इक्विटीज के कमोडिटीज के उपाध्यक्ष राहुल कलंत्री ने कहा कि चांदी हाल के उच्च स्तर से फिसलकर इस सप्ताह के निम्न स्तर के करीब पहुंच गई है। सफेद धातु तीन सप्ताह में पहली साप्ताहिक गिरावट की ओर बढ़ रही है। सप्ताह के शुरुआत में तेज उछाल के बाद यह 35.70 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई। उन्होंने कहा कि यह गिरावट पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच निवेशकों की बदली प्रवृति के कारण देखने को मिली। निवेशकों ने अन्य जगह पर हुए नुकसान की भरपाई के लिए सर्राफा में अपनी स्थिति को समाप्त कर दिया। हालांकि रुपये में कमजोरी से भी घरेलू बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों को सहारा मिल रहा है।
इस्राइल-ईरान संघर्ष में अमेरिका की सैन्य भागीदारी का पड़ेगा असर
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी ने कहा कि निवेशकों की अमेरिकी टैरिफ पर नजर है। साथ ही, इस्राइल-ईरान संघर्ष में अमेरिका की सैन्य भागिदारी की संभावनाएं अस्थिरता को बढ़ावा देंगी। यह सोने पर दबाव डाल सकते हैं। दूसरी ओर, नए तनाव से कीमतों को सहारा मिलता रहेगा।