मजबूत वैश्विक रुख और स्टॉकिस्टों की ताजा खरीदारी के चलते सोने की कीमतों में उछाल देखने को मिला। शुक्रवार को राजधानी में सोने की कीमत 900 रुपये की तेजी के साथ 1,06,970 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव भी 900 रुपए बढ़कर 1,06,100 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं चांदी की कीमतें 1,25,600 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर स्थिर रहीं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टि की है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरों में कमी और सुरक्षित निवेश की मांग की उम्मीदों के चलते, सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सोने में तेजी आई। गुरुवार की निराशाजनक रोजगार रिपोर्ट के बाद, बाजार सितंबर में ब्याज दरों में कटौती की पूरी उम्मीद कर रहा था। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौते को लेकर प्रगति की कमी के कारण निराशावाद ने भी सुरक्षित निवेश के लिए मांग बढ़ा दी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना बढ़कर 3,551.44 डॉलर प्रति औंस हो गया। वहीं हाजिर चांदी 0.22 प्रतिशत बढ़कर 40.76 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
मीरा एसेट शेयरखान के कमोडिटीज एवं करेंसी प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि आज जारी होने वाली अमेरिकी गैर-कृषि पेरोल रिपोर्ट एक महत्वपूर्ण रिपोर्ट है। यह अमेरिकी रोजगार बाजार की स्थिति पर अधिक प्रकाश डालेगी, जो बदले में फेडरल रिजर्व के मौद्रिक नीति निर्णय को आकार देगी। सिंह ने कहा कि फेड अब मुद्रास्फीति नियंत्रण के बजाय रोजगार बाजार पर अधिक ध्यान दे रहा है। कमजोर रिपोर्ट से लगातार ब्याज दरों में कटौती की संभावना बढ़ जाएगी।