विदेशी बाजारों में मजबूती के रुख के बीच मंगलवार को राजधानी दिल्ली में सोने का भाव 500 रुपये गिरकर 1,00,420 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना मंगलवार को 450 रुपये गिरकर 1,00,050 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। वहीं चांदी की कीमतें 1,000 रुपये घटकर 1,14,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गईं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टि की है।
ये भी पढ़ें: Cabinet: राजस्थान के कोटा-बूंदी में नया एयरपोर्ट, कटक-भुवनेश्वर में छह लेन का रिंग रोड; कैबिनेट से मिली मंजूरी
अमेरिका-यूक्रेन शांति वार्ता ने जोखिमों को किया कम
अबान्स फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के बीच व्हाइट हाउस में हुई शांति वार्ता से यूक्रेन में युद्ध समाप्त होने की कुछ उम्मीद जगी है। इस बैठक में यूरोपीय और नाटो नेता भी शामिल हुए थे।
जीएसटी सुधार की खबरों के बीच रुपया हुआ कमजोर
मीरा एसेट शेयरखान के कमोडिटीज एवं करेंसी प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि भारत सरकार द्वारा जीएसटी नियमों में बदलाव के कारण डॉलर/रुपये में कमजोरी से घरेलू सोने की कीमतों पर असर पड़ रहा है।
वैश्विक बाजार में बढ़ें सोने-चांदी के दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में न्यूयॉर्क में सोना हाजिर 0.15 प्रतिशत बढ़कर 3,337.92 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं हाजिर चांदी 0.19 प्रतिशत बढ़कर 38.09 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
निवेशकों का ध्यान फेड के अध्यक्ष पर
ऑग्मोंट की शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा कि सोने की कीमतें 3,380 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गईं, क्योंकि निवेशकों का ध्यान अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल के जैक्सन होल में दिए जाने वाले भाषण और फेड की हालिया बैठक के विवरण पर था।
अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों का इंतजार
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि वृहद मोर्चे पर, अमेरिकी आवास बाजार के आंकड़े, जिनमें भवन निर्माण की अनुमति और आवास निर्माण की शुरुआत शामिल है। यह दिन में बाद में जारी किए जाएंगे। इससे सत्र के दौरान अमेरिकी डॉलर और सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।