वैश्विक बाजार की अनिश्चितताओं के बीच जोरदार खरीदारी होने से शुक्रवार को दिल्ली में सोने की कीमत लगातार आठवें कारोबारी सत्र में बढ़ी। सोने के भाव 200 रुपये की तेजी के साथ पहली बार 83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली यह बहुमूल्य धातु 200 रुपए बढ़कर 83,100 रुपए प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। गुरुवार को सोना 82,900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
इसके अलावा, शुक्रवार को चांदी 500 रुपये बढ़कर 94,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह सफेद धातु 93,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाले सोने के वायदा कारोबार में वायदा भाव 334 रुपये या 0.42 प्रतिशत बढ़कर 79,960 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पीली धातु इंट्राडे में 424 रुपये या 0.53 प्रतिशत उछलकर 80,050 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर के करीब पहुंच गई थी।
एक्सिस सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक (कमोडिटीज) देवेया गगलानी ने कहा, "एमसीएक्स में कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब हैं, क्योंकि ट्रम्प की व्यापार नीतियों और टैरिफ योजनाओं ने बाजार में अनिश्चित माहौल पैदा कर दिया है, जिससे सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ सकती है।" वायदा सूचकांक पर कीमती धातु 30 अक्टूबर 2024 को 80,282 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई थी।