अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार आभूषण विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं की लगातार खरीदारी से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को सोने का भाव 330 रुपये बढ़कर 79,720 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। बुधवार को यह बहुमूल्य धातु 79,390 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। चांदी भी इस दौरान 130 रुपये बढ़कर 90,630 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 90,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। बुधवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 330 रुपए बढ़कर 79,170 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि इससे पहले इसका भाव 78,840 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
व्यापारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी से सर्राफा कीमतों को मदद मिली। इस बीच, एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में फरवरी डिलीवरी सोना अनुबंध की कीमत 205 रुपये यानी 0.27 प्रतिशत बढ़कर 77,098 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी।
रुपये में कमजोरी से सोने की तेजी को मिला बढ़ावा
घरेलू बाजार में सोने की सकारात्मक तेजी 77,300 रुपये के स्तर को पार कर गई, जिसे कॉमेक्स सोने के 2,640 डॉलर से ऊपर बने रहने से समर्थन मिला। एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी एवं करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, "रुपये की कमजोरी से इस तेजी को और बढ़ावा मिला है। अंतरराष्ट्रीय मजबूती और मुद्रा गतिशीलता के संयोजन ने सोने के लिए तेजी की भावना को मजबूत किया है।"
कमोडिटी एक्सचेंज में चांदी वायदा भाव 859 रुपये यानी 0.98 प्रतिशत बढ़कर 88,437 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। विदेशी बाजारों में कॉमेक्स सोना वायदा 8.50 डॉलर प्रति औंस या 0.32 प्रतिशत बढ़कर 2,649.50 डॉलर प्रति औंस हो गया।
2025 के पहले दो दिन सोने की कीमतों में दिखा सकारात्मक रुझान
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, "नए साल की छुट्टियों के बाद पिछले साल की तेजी के रुझान को जारी रखते हुए, हाजिर सोने ने 2025 के पहले दिन सकारात्मक कारोबार करना शुरू कर दिया।"
गांधी ने कहा कि बाजार सहभागियों का ध्यान अब अमेरिका से आने वाले प्रमुख वृहद आर्थिक आंकड़ों पर है, जिनमें बेरोजगारी दावे और विनिर्माण पीएमआई शामिल हैं, जो गुरुवार और शुक्रवार को जारी होंगे, जिससे सर्राफा बाजार में और अधिक अस्थिरता आ सकती है। एशियाई बाजार में चांदी कॉमेक्स वायदा 1.62 प्रतिशत बढ़कर 29.72 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।